गाड़ी से कुचलकर तीन की मौत के बाद किसानों का गुस्सा फूटा, कई वाहन फूंके, शव रखकर तिराहे पर बैठे हजारों किसान

लखीमपुर : उप्र के लखीमपुर में रविवार को भाजपा नेता के वाहन से कुचलकर तीन किसानों की मौत के बाद किसान उग्र हो उठे। उन्होंने कई वाहनों में आग लगा दी और जमकर तोड़फोड़ की। हादसे में लगभग एक दर्जन लोग घायल भी हुए हैं। जिला प्रशासन या किसी अधिकारी ने मृतकों की संख्या की पुष्टि नहीं की है।

किसानों के बवाल को देखते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को जिले में अपना कार्यक्रम छोड़कर लखनऊ लौटना पड़ा। बता दें, किसान केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र ‘टेनी’ के एक विवादास्पद बयान के विरोध में निघासन में प्रदर्शन कर रहे थे। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री और खीरी से सांसद अजय मिश्र ने अपने पैतृक गांव बनवीरपुर में दंगल का आयोजन कर रखा था।

इसके समापन समारोह में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित थे। सांसद के एक बयान के विरोध में यहां के किसान उपमुख्यमंत्री के समक्ष प्रदर्शन के लिए तिकुनिया के गुरुनानक चौराहे पर एकत्र थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार लगभग दोपहर साढ़े तीन बजे भाजपा नेता के वाहन से कई लोग कुचल गए, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए। इसके बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा और भाजपा नेताओं के वाहनों में तोड़फोड़ करने के साथ आगजनी शुरू कर दी। फूंके गए वाहनों में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के पुत्र आशीष मिश्र का भी वाहन शामिल है।

प्रदर्शनकारी सांसद और सरकार के विरोध में नारे लगा रहे थे। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंचा, लेकिन किसानों को नियंत्रित करने में सफल न हो सका। दुर्घटना में मारे गए किसानों के शव को तिकुनिया कस्बे के गुरु नानक कालेज के पास रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। अभी मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से मृतकों की संख्या और उनके बारे में कोई जानकारी रात साढ़े आठ बजे तक नहीं दी जा सकी थी। 

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter