ब्रिटेन में तेल संकट : टैंकर ड्राइवरों की कमी के चलते पेट्रोल पंप पर लंबी लाइनें, सेना की मदद लेगी सरकार

लंदन : ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जानसन ने कहा कि वह आव्रजन नियम को समीक्षा के दायरे में लाएंगे। टैंकर ड्राइवरों की कमी से निपटने के लिए उन्होंने और अस्थायी वीजा जारी करने के संकेत दिए हैं। ड्राइवरों की कमी के कारण ब्रिटेन ईधन आपूर्ति के संकट का सामना कर रहा है। ब्रिटेन ने पिछले सप्ताह कहा था कि 5000 विदेशी ट्रक ड्राइवरों और 5,500 पोल्ट्री कामगारों के लिए वह अस्थायी वीजा जारी करेगा।

ड्राइवरों और पोल्ट्री कामगारों की कमी से गैस स्टेशनों में ईधन और खाद्य सामग्री की आपूर्ति में बाधा उत्पन्न हो गई है। ब्रिटेन के रोड हालेज एसोसिएशन (आरएचए) ने कहा कि कामगारों के उद्योग छोड़ने के कारण देश एक लाख ड्राइवरों की कमी से जूझ रहा है। महामारी ने करीब एक साल से ड्राइवरों के प्रशिक्षण और जांच पर रोक लगा रखी है।

ब्रेक्जिट के बाद के आव्रजन नियमों ने यूरोप से ड्राइवरों को काम पर रखने पर रोक लगा दी है। एक अस्पताल के दौरे पर आए जानसन ने कहा, ‘उपलब्ध प्रणाली हमें आव्रजन को नियंत्रित करने की अनुमति मुहैया कराती है। यदि जरूरत पड़ी तो हम अपना बाजार खोलेंगे और हर चीज की समीक्षा करेंगे।’

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter