मकान बनाने पर भतीजे को था ऐतराज, विवाद में चाचा को मार दी गोली, गंभीर हालत में घायल ग्वालियर रैफर

Datia News : दतिया । कोतवाली थाना क्षेत्र के लाला के ताल स्थित रतन सेठ की बगिया के समीप गत सोमवार की देर रात को पारिवारिक विवाद में गोली लगने से रमेश कुशवाहा नामक एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिसे बाद में दतिया चिकित्सालय से ग्वालियर रेफर किया गया है।

घायल की बेटी ने इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित कोतवाली टीआई रविंद्र शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। गोलीबारी करने वाले आरोपित घायल रमेश कुशवाह का सगा भतीजा बताया जाता है।

कोतवाली थाना प्रभारी रविंद्र शर्मा ने बताया कि गत सोमवार की रात मकान बनाने के विवाद को लेकर रमेश कुशवाह को उसके सगे भतीजे हेमंत कुशवाह पुत्र काशीराम कुशवाहा और घायल के बड़े भाई काशीराम कुशवाहा ने गोली मार दी।

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस तुरंत पहुंच गई। जानकारी के अनुसार रमेश कुशवाह ने पैतृक जमीन पर कमरों का निर्माण कर लिया था। इस पर उसके बड़े भाई कांशीराम व भतीजे हेमंत को आपत्ति थी।

इसी बात को लेकर रमेश कुशवाह और कांशीराम कुशवाह में गत रात विवाद हो गया। इस दौरान कांशीराम का बेटा और रमेश का भतीजा हेमंत कुशवाह भी वहां पहुंच गया और उसने अपने चाचा रमेश कुशवाह पर देशी कट्टे से फायर कर दिया।

गोली रमेश के पेट में बांई तरफ जा लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड, थाना प्रभारी रविंद्र शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

आरोपित हेमंत और उसका पिता कांशीराम फरार बताए जाते हैं। पुलिस ने घायल रमेश कुशवाहा की बेटी क्रांति कुशवाह की रिपोर्ट पर आरोपितों के खिलाफ धारा 307, 294, 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!