चंडीगढ़ : कांग्रेस में तूफान खड़ा करने के बावजूद मुख्यमंत्री नहीं बन पाने की नवजोत सिंह सिद्धू की टीस एक वीडियो के माध्यम से सामने आ गई है। बौखलाहट में वह अपनी जुबान पर काबू नहीं रख पाए।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके सिद्धू का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनको गाली का इस्तेमाल करते हुए साफ सुना जा सकता है। दैनिक जागरण इस वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है, लेकिन इसे शेयर करने वाले दावा कर रहे हैं कि सिद्धू ने कथित तौर पर मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया है। वीडियो गुरुवार को पंजाब कांग्रेस के लखीमपुर खीरी के लिए निकाले गए मार्च के दौरान जीरकपुर का बताया जा रहा है।
वीडियो में सिद्धू किसी बात को लेकर नाराज दिखाई दे रहे हैं। उनके बगल में खड़े कैबिनेट मंत्री परगट सिंह कहते हैं, सिर्फ दो मिनट की बात रह गई है, सीएम पहुंचने वाले हैं। इस पर सिद्धू कहते हैं, इतनी देर से हम उनका इंतजार कर रहे हैं। भीड़ के संदर्भ में परगट कहते हैं, ‘आज तो बल्ले-बल्ले हो गई।’
इसी दौरान पीछे खड़े कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुखमिंदर सिंह डैनी की आवाज भी सुनाई पड़ती है, वह कहते हैं, ‘देखो शो तो सक्सेस (कामयाब) रहा।’ इस पर सिद्धू कहते हैं, ‘यह सक्सेस है? भगवंत सिंह सिद्धू (सिद्धू के पिता) के बेटे (यानी नवजोत सिद्धू) को मुख्यमंत्री बनाते तब दिखाता सक्सेस क्या होती है।’
इसके बाद वह बिना किसी का नाम लिए गाली का इस्तेमाल करते हुए कहते हैं, ‘..ये तो 2022 में कांग्रेस को डुबो देगा।’ गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी जाने वाले जत्थे को मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को हरी झंडी दिखानी थी। सिद्धू ने इसके लिए 12 बजकर 50 मिनट का समय निर्धारित किया था। उन्होंने वीडियो जारी कर सभी को समय पर पहुंचने के लिए कहा था।
भीड़ के कारण पटियाला रोड पूरी तरह जाम हो गया था, जिसमें मुख्यमंत्री का काफिला भी फंस गया। इस बीच सिद्धू ने अपनी यात्रा शुरू कर दी। बाद में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को भाग कर जाना पड़ा। मोहाली के एसएसपी ने भाग कर सिद्धू का काफिला रोका, जिसके बाद चन्नी वहां तक पहुंचे।
पहले भी आए थे विवादों में इससे पहले सिद्धू अमृतसर में व्यापारियों के साथ बैठक के दौरान हाईकमान की ईंट से ईंट बजाने का बयान दिया था। इस पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने नाराजगी जाहिर की थी। कांग्रेस का एक बहुत बड़ा वर्ग सिद्धू के अध्यक्ष बनने से खुश नहीं है। दूसरी तरफ, शिरोमणि अकाली दल के प्रवक्ता डा. दलजीत सिंह चीमा ने कहा है कि सिद्धू को अनुसूचित जाति का मुख्यमंत्री रास नहीं आ रहा है।
उनसे यह बर्दाश्त नहीं हो पा रहा है। सिद्धू मार्च के दौरान दो मिनट भी मुख्यमंत्री का इंतजार नहीं कर पा रहे हैं। इस वीडियो से यह तय हो गया है कि कांग्रेस के मन में किसानों के प्रति कितनी हमदर्दी है। कांग्रेस में केवल एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ लगी हुई है। पार्टी ने अनुसूचित जाति का जो कार्ड खेलने का प्रयास किया है वह सारा सामने आ गया है।


