अहमदाबाद : आल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार देर रात राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा (Raghu Sharma) को गुजरात, दमन और दीव, दादरा और नगर हवेली का प्रभारी नियुक्त किया है. यह घटनाक्रम 24 सितंबर को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के साथ उनके आवास पर आमने-सामने की बैठक के करीब दो हफ्ते बाद आया है. उसी दिन सचिन पायलट ने भी गांधी से मुलाकात की थी.
गहलोत के करीबी माने जाने वाले शर्मा की नियुक्ति पार्टी के अधिकांश लोगों के लिए आश्चर्य की बात है, खासकर जब गुजरात में अगले साल दिसंबर 2022 में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं. यह दूसरी बार होगा जब गुजरात चुनाव में राजस्थान का कोई नेता पार्टी का नेतृत्व करेगा. इससे पहले यह सीएम अशोक गहलोत थे, जो 2017 के विधानसभा चुनावों में पार्टी को जीत के करीब लाए थे. गुजरात में बीजेपी 1995 से अपराजित है.
गुजरात कांग्रेस को राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री डा रघु शर्मा के रूप में प्रभारी मिल गया है। गुजरात कांग्रेस के प्रभारी सांसद राजीव सातव के मई 2021 में कोरोना से निधन के बाद से यह पद खाली था। हालांकि, कांग्रेस आलाकमान को अभी प्रदेश अध्यक्ष व नेता विपक्ष पर भी जल्द फैसला करना है।
प्रभारी के चयन में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ही चली और माना जा रहा है कि गुजरात की चुनावी रणनीति में उनकी अहम भूमिका होगी। दिग्गज नेता शंकरसिंह वाघेला की अब कांग्रेस में वापसी की संभावना नजर नहीं आती है। इसी साल फरवरी, मार्च में स्थानीय निकाय व पंचायत चुनावों में करारी हार के बाद प्रदेश अध्यक्ष अमित चावडा व विधानसभा में नेता विपक्ष परेश धनाणी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।


