नईदिल्ली : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी की गुजरात इकाई के नए अध्यक्ष के चयन और राज्य में पार्टी संगठन की स्थिति सहित अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को प्रदेश से जुड़े पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मंथन किया।
आने वाले कुछ दिनों में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष की नियुक्ति हो सकती है। इस बैठक में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, गुजरात प्रभारी रघु शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष अमित चावड़ा, राज्यसभा सदस्य शक्ति सिंह गोहिल, वरिष्ठ नेता भरत सिंह सोलंकी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल समेत करीब 25 नेता शामिल रहे।
बैठक में शामिल होने वाले गुजरात प्रदेश कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि बैठक में नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति, चुनाव की तैयारियों और गुजरात में पार्टी के संगठन की स्थिति को लेकर चर्चा हुई। हमें उम्मीद है कि आने वाले कुछ दिनों के भीतर ही नए पीसीसी अध्यक्ष की नियुक्ति हो जाएगी।
नए पीसीसी अध्यक्ष के लिए किसी नाम पर सहमति बनाने को लेकर अभी कोई कुछ कहने को तैयार नहीं दिखा। नेताओं का कहना था कि यह फैसला नेतृत्व को करना है।
कांग्रेस से जुड़े सूत्रों का कहना है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के लिए मौजूदा समय में गोहिल, हार्दिक पटेल और कुछ अन्य नामों पर विचार चल रहा है।
इस साल के शुरु में हुए निकाय चुनावों में कांग्रेस की करारी हार के बाद अमित चावड़ा ने प्रदेश अध्यक्ष के पद से और परेश धनानी ने विधायक दल के नेता के पद से इस्तीफा दे दिया था। गुजरात में अगले साल नवंबर-दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं।


