भंडारे से लौट रहे बाइक सवार खंती में जा गिरे, एक की मौत, दो साथी घायल, अस्पताल पहुंचने पर पलंग न मिलने पर ड्रेसिंग रूम में काटी घायलों ने रात

Datia News : दतिया ।  इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम जौनिया में सोमवार-मंगलवार की रात करीब 1 बजे ग्राम कुदारी से भंडारा खाकर लौट रहे बाइक सवार की वाहन सहित सड़क किनारे बनी खंती में गिरने से मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार दो लोग घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार अमर सिंह परिहार पुत्र दौलत सिंह 55 निवासी आनंदपुर अपनी बाइक पर सवार होकर रवि परिहार पुत्र राजा सिंह एवं स्वरूप सिंह बघेल पुत्र मोहन सिंह बघेल के साथ लौट रहा था। इस दौरान सामने से आ रहे ट्रक की तेज लाइट आंखों पर पड़ने से बाइक चालक हड़बड़ा गया और वाहन असंतुलित होकर सड़क किनारे बनी खाई में जा गिरे।

जिससे बाइक सवार अमर सिंह का मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर मौके पर पुलिस ने मृतक एवं घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटना के संबंध में मर्ग कायम कर लिया है।

वहीं मंगलवार सुबह थरेट थाना क्षेत्र के ग्राम सेंथरी के पास दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक सवार बबलू पुत्र जयराम जाटव 22 निवासी कुदारी अपने साथीडमरु पुत्र रामबाबू पटवा के साथ दतिया अस्पताल में भर्ती भाई रामनरेश को देखने जा रहा था इसी दौरान सेंथरी निवासी राजकुमार पुत्र घनश्याम जाटव एवं अरविंद पुत्र प्रेमनारायण जाटव अपनी बाइक से खेत पर जा रहे थे।

तभी सेंथरी मोड़ पर दोनों बाइक आमने सामने से भिड़ गई। जिसमें दोनों बाइक के सवारों को चोटें आई। 108 वाहन एम्बुलेंस घायलों को उपचार के लिए इंदरगढ़ अस्पताल लेकर पहुंची।

अस्पताल में घायलों को उठानी पड़ी परेशानी

इन सड़क हादसों में घायल हुए लोगों को इंदरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में बैड तक नहीं मिल सके। जौनिया सड़क हादसे में घायल हुए दो लोग देर रात स्वास्थ्य केंद्र उपचार के लिए पहुंचे थे। लेकिन रात 1 बजे से सुबह 9 बजे तक दोनों घायल अस्पताल में पलंग न मिलने के कारण पूरी रात ड्रेसिंग रूम में ही पड़े रहे।

घायल रवि परिहार ने बताया कि हम रात एंबुलेंस की मदद से इंदरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में आए थे, जहां मरहम पट्टी कर दवाइयां दी गई। लेकिन वार्ड में पलंग न मिलने के कारण भर्ती नहीं किया गया। सुबह तक दोनों घायल ड्रेसिंग रूम में ही परेशानी झेलते रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!