इटली में प्रवासी भारतीयों से पीएम मोदी ने किया संवाद, पूछा कि भारत जाने पर उन सबको क्या पसंद आएगा

रोम : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि इटली में प्रवासी भारतीयों और भारत वंशी लोगों से उनकी शानदार बातचीत हुई। इनमें भारत के बारे में अध्ययन करने वाले लोगों के अलावा वे भी शामिल थे जिनका बीते वर्षों में अपने मूल देश से करीबी संबंध बन चुका है।

जी20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए इटली आए प्रधानमंत्री मोदी ने इस यात्रा के दूसरे दिन ट्विटर के जरिए रोम में समुदाय के साथ संवाद की झलकियां साझा कीं।

मोदी ने ट्वीट किया कि बीती शाम इटली के प्रवासी भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ रोम में शानदार संवाद हुआ। इनमें वे लोग शामिल थे जो भारत के बारे में अध्ययन कर रहे हैं और वे भी जिनका बीते वर्षों में हमारे देश के साथ करीबी संबंध विकसित हुए हैं। विविध विषयों पर उनके विचारों को सुनना बढ़िया अनुभव रहा।

सनातन धर्म संघ की अध्यक्ष स्वामिनी हंसानंद गिरि ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी मुलाकात मन को छू लेने वाली रही। उन्होंने कहाकि निश्चित ही यह मन को छू लेने वाली रही क्योंकि इटली में हिंदू होना आसान नहीं है, लेकिन प्रधानमंत्री से मिलना हमारे लिए बहुत सम्मान की बात है। इटली में हिंदू अल्पसंख्यक हैं।

गिरि ने कहाकि भारत की संस्कृति मानवता के लिए एक खजाने की तरह है क्योंकि प्राचीन समय से अब तक यह संस्कृति पूरी मानवजाति के लिए है। यह आरंभ से ही अहिंसा, सद्भाव और प्रकृति तथा पर्यावरण का सम्मान करने वाली संस्कृति रही है। उन्होंने कहा कि यह मानव जाति के कल्याण की संस्कृति है।

गिरि ने कहाकि हम में से सभी से मोदी ने अनोखा सवाल किया और पूछा कि भारत जाने पर हमें क्या पसंद आएगा, भारत में हमें कहां और क्या पसंद है। जब मैंने कहा कि तमिलनाडु तो उन्होंने मुझसे तमिल भाषा में बातचीत की।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!