बीज व्यापारी ने होटल में जहर खाकर दी जान, मरने से पहले परिजनों को व्हाट्सएप पर किया मैसेज, बताई आत्महत्या की वजह

Datia News : दतिया। सेवढ़ा के वार्ड 13 बजरिया मोहल्ला निवासी बीज व्यापारी ने ग्वालियर के एक होटल में सल्फास खाकर जान दे दी। आत्महत्या करने से पहले व्यापारी ने इस बात का व्हाट्सएप मैसेज अपने परिवार के सदस्यों को भी भेजा था। घटना ग्वालियर के पड़ाव थाना क्षेत्र के स्टेशन बजरिया पर स्थित चंद्रलोक होटल की बताई जाती है।

जानकारी के अनुसार सेवढ़ा निवासी बीज विक्रेता विनोद बिहारी ने ग्वालियर में होटल के कमरे में आत्महत्या करने से पहले अपने स्वजनों से व्हाट्सएप मैसेंजर पर आत्महत्या करने की वजह बताई एवं सारी जानकारी देते हुए मैसेज में लिखा कि वह ग्वालियर के चंद्रलोक होटल के कमरा नंबर 108 में ठहरा हुआ है।

मैसेज में लिखा है कि कर्जा लेकर उसने बीज खरीद किया था, जो लाकडाउन के कारण नहीं बिक सका और खराब हो गया। अब कर्जदारों उससे पैसा मांग रहे हैं। इसीलिए वह परेशान होकर अपनी जान दे रहा है।

जैसे ही विक्रेता के स्वजनों ने अपने मोबाइल पर इस मैसेज को देखा तो तत्काल ग्वालियर के लिए रवाना हुए और विनोद द्वारा बताए गए होटल पर जा पहुंचे। वहां उन्होंने होटल के मैनेजर से बीज विक्रेता के कमरे का दरवाजे को खोलने को कहा।

कमरे का दरवाजा खोला तो वहां विक्रेता पलंग पर पड़ा हुआ था। इसके बाद स्वजन तत्काल उसे लेकर नजदीकी अस्पताल पहुंचे, जहां डाक्टरों ने जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना होटल के मैनेजर ने तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बीज विक्रेता के शव को अपने कब्जे में लेकर पीएम हाउस भेजकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter