तेज गति से जा रहे ट्रैक्टर ने बाइक सवार महिला को रौंदा, इधर सिंध पुल पर मिला युवक का खून से लथपथ शव

Datia News : दतिया । तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक सवार महिला को रौंद डाला। उसने मौके पर ही दमतोड़ दिया। महिला अपने देवर के साथ बाइक पर सवार होकर तेरहवीं में शामिल होने जा रही थी।

घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर भाग निकला। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। वहीं मृतका के देवर को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जहां उसका उपचार जारी है।

थाना सिविल लाइन से मिली जानकारी के अनुसार दतिया-भांडेर रोड के ग्राम महाराजपुर में शुक्रवार दोपहर 1.30 बजे महिला कुसमा पत्नी दीपक मांझी निवासी ग्राम टोरी थाना पंडोखर अपने देवर विजय और देवरानी के साथ शिवपुरी जिले के ग्राम पुड़ा में तेरहवीं में शामिल होने जा रही थी।

इसी दौरान महाराजपुरा ग्राम के समीप तेज गति से आ रहे एक ट्रैक्टर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में जहां देवर विजय घायल हो गया वहीं महिला कुसमा मांझी उछलकर सड़क पर गिरने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना में देवर विजय की हालात गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल देवर को अस्पताल भिजवाया।

वहीं मृतका का शव पीएम के लिए भेजा गया। पुलिस ने इस संबंध में मामला कायम कर अज्ञात ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

सिंध पुल के पास युवक का मिला खून से लथपथ शव

इधर गोराघाट थाना क्षेत्र के सिंध नदी पुल के समीप गुरूवार रात्रि करीब 9 बजे एक अज्ञात वाहन ने युवक में टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।

सिंध नदी पुल के समीप मृत अवस्था में युवक को पड़े देख आसपास से गुजर रहे लोगों ने गोराघाट पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा।

फिलहाल इस मामले में युवक की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है। मृतक युवक के दाहिने हाथ की भुजा पर मातादीन लिखा हुआ है। इस मामले में पुलिस पता लगा रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!