नईदिल्ली : एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने कोविड-19 रोधी टीके खरीदने के लिए भारत को 1.5 अरब डॉलर (लगभग 11,185 करोड़ रुपये) के ऋण को मंजूरी दी है।
बैंक ने गुरुवार को एक बयान में कहाकि एडीबी ने भारत सरकार को कोविड-19 महामारी के खिलाफ सुरक्षित और प्रभावी टीके खरीदने में मदद करने के लिए 1.5 अरब डॉलर के ऋण को मंजूरी दे दी।
एडीबी ने कहा कि कोविड रोधी टीके की खरीद के लिए एशियन इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक से अतिरिक्त 50 करोड़ डॉलर का सह-वित्त दिए जाने की उम्मीद है।
एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इंवेस्टमेंट बैंक (एआईआईबी) से इस परियोजना के लिए अतिरिक्त 500 मिलियन डॉलर के ऋण मिलने की भी उम्मीद जताई जा रही है। गौरतलब है कि बीजिंग स्थित एआईआईबी एक बहुपक्षीय विकास बैंक है, जो विकासशील एशिया पर केंद्रित है। इसमें दुनियाभर के सदस्य मौजूद हैं।
67 करोड़ टीके की होगी खरीदी
बैंक की विज्ञप्ति में कहा गया है कि एडीबी का ऋण अनुमानित 31.7 करोड़ लोगों के लिए कम से कम 66.7 करोड़ कोविड-19 टीके खरीदने में सहायक होगा।
मनीला मुख्यालय वाली एजेंसी ने कहाकि यह भारत की राष्ट्रीय तैनाती और टीकाकरण योजना का समर्थन करेगी। इसका उद्देश्य 18 वर्ष और उससे अधिक आयु के 94.47 करोड़ लोगों को पूरी तरह से टीकाकरण करना है, जो कि देश की करीब 68.9 प्रतिशत आबादी है।
प्राथमिकता समूहों में स्वास्थ्य सेवा और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ता, वरिष्ठ नागरिक, और 45 से 59 वर्ष की आयु के लोग शामिल हैं।
एशियाई विकास बैंक के अध्यक्ष मासत्सुगु असाकावा ने कहा कि एडीबी के समर्थन से सरकार को अपने नागरिकों को इस महामारी के आगे के संचरण से बचाने और लोगों की जान बचाने में मदद मिलेगी।


