मतदान से पूर्व देर रात तक चलता रहा शिकायतों का सिलसिला, दोनों दल करते रहे शिकायतें

दतिया. जिले की भांडेर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में मतदान से पूर्व सोमवार देर रात तक भाजपा और कांग्रेस ने एक दूसरे की शिकायतें करने का सिलसिला जारी रखा। भाजपा ने जहां पुलिस से शिकायत की कि भांडेर विधानसभा क्षेत्र में दूसरे शहरों के लोग आकर हस्तक्षेप कर रहे हैं। वहीं कांग्रेस ने गाड़ियों की चेकिंग नहीं होने पर आपत्ति उठाई । कांग्रेस ने कहा कि भाजपा से संबद्ध चार पहिया वाहन को बिना चेकिंग के ही क्षेत्र में आने जाने दिया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की रात लगभग एक बजे तक दोनों ही दल पुलिस अधीक्षक से शिकायत करते नजर आए । भाजपा के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बुधौलिया ने एसपी एवं कलेक्टर को फोन कर शिकायत की कि भांडेर विधानसभा क्षेत्र में जब शाम 5 बजे बाद कोई बाहर का व्यक्ति नहीं रुक सकता है तो कांग्रेस के झुंड में कई लोग क्याें दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने इस शिकायत के बाद क्षेत्र में पहुंचकर कई लोगों को बाहर किया। दूसरी और कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री तथा भांडेर विधानसभा उपचुनाव प्रभारी कमलेश्वर पटेल ने देर रात एसपी को फोन लगाकर बताया कि उत्तर प्रदेश बॉर्डर पर लगे कई चेकिंग पॉइंट पर कोई चेकिंग नहीं की जा रही है। वाहनों को बिना चेकिंग के छोड़ा जा रहा है। अन्य कांग्रेसी नेताओं ने इसके अलावा पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया कि कई पोलिंग बूथ पर निर्धारित दूरी पर भाजपा की टेबल नहीं लगी है। वह पोलिंग बूथ के नजदीक है जिससे मतदान प्रभावित हो सकता है। इसे लेकर भी देर रात को भांडेर विधानसभा क्षेत्र के कई पोलिंग बूथ की जांच की गई, परंतु कहीं पर भी कुछ ऐसा नहीं पाया गया।

पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह ने बताया कि दोनों ही दलों की तरफ से शिकायतें देर रात तक प्राप्त होती रही। जिनका निराकरण तुरंत किया गया। जहां यह शिकायत थी कि चेकिंग पॉइंट पर वाहनों को बिना चेकिंग के छोड़ा जा रहा है, वहां पर सख्ती के निर्देश दिए गए । इसके अलावा मोबाइल पेट्रोलिंग भी बढ़ाई गई है।

दोनों ही दलों में चला देर रात तक भोज कार्यक्रम

भाजपा और कांग्रेस में मतदान से पूर्व सोमवार की रात भोज कार्यक्रम चलते रहे। बता दें कि दोनों ही दलों में चुनाव समन्वयक व प्रभारी के रूप में बाहर से कई नेताओं व कार्यकर्ता आए हुए हैं। इन सभी नेताओं का भोज कार्यक्रम भाजपा और कांग्रेस पार्टी के दिग्गजों के यहां अलग-अलग घर रखे गए। जहां कांग्रेस का यह भोज कार्यक्रम एक वरिष्ठ कांग्रेसी के घर पर रखा गया था, वहीं भाजपा का भी इसी प्रकार का एक कार्यक्रम भांडेर के समीप इंदरगढ़ में एक नेता के घर आयोजित किया गया। संघ से जुड़े नेताओं ने मतदान से पूर्व भी तैयारियों का जायजा भी लिया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter