चीन : यूरोपीय संघ और ताइवान के बीच सहयोग बढ़ाने का संकेत देते हुए ताइवान की राष्ट्रपति से बाल्टिक सांसदों ने की मुलाकात

ताइपे : सभी तीन बाल्टिक देशों लातविया, लिथुआनिया और एस्तोनिया के सांसदों ने यूरोपीय संघ और ताइवान के बीच सहयोग बढ़ाने का संकेत देते हुए ताइवान की राष्ट्रपति साई इंग-वेन से सोमवार को मुलाकात की। साई ने बताया कि यह लातविया, लिथुआनिया और एस्तोनिया के सांसदों की पहली संयुक्त यात्रा है। उन्होंने ताइवान के विदेश मंत्रालय द्वारा आयोजित 2021 ‘ओपन पार्लियामेंट फोरम’ में भाग लेने वाले इन सांसदों का स्वागत किया।

साई ने कहा, ‘‘ताइवान और बाल्टिक देशों का तानाशाही वाले शासनों से आजाद होने और स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने का समान अनुभव रहा है। हमारे पास आज जो लोकतंत्र है, वह बहुत मुश्किल से हासिल हुआ है।’’उन्होंने कहा, ‘‘इसे हम सभी बहुत अच्छे तरीके से समझते हैं।’’

लिथुआनियाई प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख मातस मालदेइकिस ने कहा कि उन्हें ताइवान के साथ और भी मजबूत संबंधों की उम्मीद है। उन्होंने कहा, ‘‘हम आपके साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए यहां आए हैं। हमें उम्मीद है कि ताइवान में जल्द ही खुलने वाला लिथुआनियाई व्यापार कार्यालय ताइवान और लिथुआनिया के बीच साझेदारी का विस्तार करने में मदद करेगा तथा ताइवान एवं पूरे यूरोपीय ब्लॉक के बीच घनिष्ठ संबंधों में योगदान देगा।’’

ताइवान ने नवंबर की शुरुआत में लिथुआनिया में एक दूतावास खोला था। लिथुआनिया की भी ताइवान में एक प्रतिनिधि कार्यालय खोलने की योजना है। इसके जवाब में चीन ने लिथुआनिया के साथ अपने राजनयिक संबंधों का स्तर कम कर दिया। गृह युद्ध में 1949 में चीन से अलग होने के बाद से ताइवान में स्वशासन है, लेकिन चीन का कहना है कि यह द्वीप उसके अधिकार क्षेत्र में आता है।

Written & source By : P.T.I

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!