Datia News : दतिया। पारिवारिक तनाव के चलते एक रिटायर्ड फौजी ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर जान दे दी। घटना पंडोखर थाना क्षेत्र के ग्राम सालौन बी में सोमवार रात घटित हुई।
घटना की सूचना पर पंडोखर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक का खून से लथपथ शव बरामद कर उसे पीएम के लिए पहुंचाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना के बारे में पंडोखर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुशवाहा ने बताया कि ग्राम सालौन बी निवासी मृतक रिटायर्ड फौजी रामप्रसाद वाल्मीक पुत्र मंगल सिंह (55) सोमवार रात अपने घर में अकेला था।
उसके स्वजन बेटी का इलाज कराने झांसी गए हुए थे। इसी दौरान रामप्रसाद ने अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक की नाल ठुड्डी के नीचे रख फायर कर दिया। जिसकी गोली उसके सिर के पार निकल गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बताया जाता है कि पारिवारिक विवाद के चलते मृतक काफी दिनों से तनाव में था। गत दिवस जब घर में कोई नहीं था, तभी उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
घर पर फोन न उठने पर स्वजन को हुई चिंता
बताया जाता है कि मृतक के बेटे ने झांसी से फोन लगाकर जब पिता रामप्रसाद से बात करना चाही तो फोन रिसीव नहीं हुआ। काफी देर तक फोन रिसीव न होने पर उसने मृतक के दोस्त रामसिंह वाल्मीक को फोन लगाया और पिता से बात कराने को कहा।
रामसिंह ने फौजी के घर पहुंचकर गेट खुलवाए तो दरवाजा नहीं खुला। जिसके बाद पड़ोस की छत पर चढ़कर जब वह मकान के अंदर घुसा तो गैलरी पास बने कमरे में फौजी का क्षत-विक्षत शव पड़ा था।
इस बात की खबर तत्काल मृतक के बेटे को दी गई। साथ ही पुलिस को भी सूचित किया गया। मृतक फौजी झांसी का निवासी था। जो विगत 15 वर्षों से सालौनबी में निवास करने लगा था।
यह रहकर वह कृषि कार्य करता था। बताया जाता है कि स्वजनों के दूर रहने से भी अक्सर तनाव में रहता था। उसके परिवार में पत्नी, दो लड़के और तीन लड़कियां हैं।


