आईपीएल स्टार क्रिकेटर ईश्वर पांडे ने स्टेडियम में गेंदबाजी में आजमाए हाथ, बल्लेबाजी करने उतरे डा.सुकर्ण मिश्रा ने लगाए चौके छक्के

Datia News : दतिया। चेन्नई सुपर किंग्स सहित अन्य टीमों की ओर से आईपीएल खेल चुके माध्यम गति के बोलर ईश्वर पांडे रविवार को दतिया स्टेडियम पहुंचे जहां उन्होंने गेंदबाजी में भी हाथ आजमाया। उन्होंने बल्लेबाजी करने उतरे डा.सुकर्ण मिश्रा को गेंदबाजी की। सुकर्ण मिश्रा ने भी कई अच्छे शाट खेले।

सोनेट क्रिकेट क्लब के तत्वाधान में आयोजित दतिया प्रीमियर लीग 20-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में आईपीएल खिलाड़ी ईश्वर पांडे ने रविवार को स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों की हौंसला अफजाई की।

इस मौके पर उन्होंने कहाकि ऐसे जो क्षेत्रीय आयोजन होते हैं, उनसे ही कई खिलाड़ियों को बड़ा मंच और अवसर पर प्राप्त होता है। सही मायने में खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने में ऐसे आयोजन सहायक सिद्ध होते हैं।

इस अवसर पर मंचासीन युवा भाजपा नेता डा.सुकर्ण मिश्रा ने कहाकि आयोजन कोई भी हो उसमें सभी की भागीदारी होना चाहिए। हमारा यही प्रयास है कि दतिया हर क्षेत्र में अग्रणी रहे।

उन्होंने खिलाड़ियों की मांग पर मंच से अखिल भारतीय 20-20 क्रिकेट टूर्नामेंट दतिया ट्राफी 2021 को 15 जनवरी 2022 से कराए जाने की घोषणा की। जिसका उपस्थित जनमानस एवं खिलाड़ियों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।

इस दौरान भारतीय टीम के खिलाड़ी रहे ईश्वर पांडे ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। कार्यक्रम में आमंत्रित अतिथियों का स्वागत आयोजक अभिषेक बबेले के द्वारा किया गया।

दूसरे दिन खेले गए मुकाबलों में आरकेवीएम क्लब ग्वालियर एवं सनशाइन अकादमी दतिया ने अपने-अपने मैच जीतकर दर्शकों को काफी रोमांचित किया।

ईश्वर पांडे ने की पीठ पर पूजा अर्चना

अपने दतिया प्रवास के दौरान क्रिकेट खिलाड़ी ईश्वर पांडे ने पीतांबरा पीठ पहुंचकर वहां मां बगुलामुखी के दर्शन कर पूजा अर्चना भी की। 

इस दौरान उनके साथ कई युवा खिलाड़ी और भाजपाजन मौजूद रहे। पांडे ने दतिया के पर्यटन विकास को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने यहां के दर्शनीय स्थलों के बारे में जानकारी ली।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!