पैरोल पर छूटते ही गांव के युवक को गोली मारने वाला बदमाश पुलिस गिरफ्त में, आरोपी की मप्र व उप्र पुलिस को थी तलाश

Datia News : दतिया। 2 राज्यों की पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुके पांच हजार का इनामी बदमाश जगवेंद्र सिंह परमार को जिगना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उक्त बदमाश पर मप्र एवं उप्र के जिलों के थानों में हत्या, लूट जैसे संगीन अपराध दर्ज है। आरोपित से 312 बोर की अधिया एवं 5 जिंदा राउंड भी पुलिस ने बरामद किए हैं।

जिगना थाना प्रभारी भास्कर शर्मा ने बताया कि हत्या के प्रयास में फरार 5 हजार के इनामी शातिर बदमाश को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया गया है।

विगत दिनों आरोपित ने सागर जिले में गोली मारकर सराफा व्यवसाई के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया था। सागर न्यायालय ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी।

तब से वह सागर जिले की बंडा जेल, टीकमगढ़ जेल और बाद में ग्वालियर जेल में सजा काट रहा था। 5 माह पूर्व ही पैरोल मिलने के दौरान उसने अपने भतीजे विक्रम ठाकुर व दोस्त धर्मेंद्र परिहार के साथ मिलकर अपने ही गांव उदगवां के अवनीश शर्मा को जान से मारने की नीयत से 312 बोर की अधिया से गोली मारी दी थी।

आरोपित से घटना के बाद से ही फरार था। जिसे मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 312 बोर की अधिया एवं 5 जिंदा राउंड बरामद किए गए हैं।

जिगना थाना प्रभारी शर्मा ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में लगातार अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है।

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी जिगना भास्कर शर्मा, एएसआई हरिमोहन यादव, प्रधान आरक्षक नरेश छाबई, आरक्षक राजीव दुबे, दीपेश अमर, धर्मेंद्र यादव, हेमराज शिवहरे, गिर्राज प्रजापति की भूमिका रही।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter