निगम मंडल में दतिया को भी मिली जगह, भांडेर क्षेत्र से आशुतोष तिवारी और जितेंद्र लिटौरिया बने अध्यक्ष

Datia News : दतिया। शुक्रवार को शिवराज सिंह सरकार ने निगम, मंडलों के अध्यक्ष व उपाध्यक्षों की नियुक्तियां कर दी। करीब 25 अध्यक्ष और उपाध्यक्षों की इस बार नियुक्ति की गई है। इसमें सिंधिया खेमे की इमरती देवी को भी जगह मिली है।

वहीं इस खेमे के ऐसे नेता जो विधायकी के चुनाव में हार गए थे उन्हें फिर से सत्ता की धारा में जोड़ा गया है। नई नियुक्तियों में दतिया जिले के भांडेर क्षेत्र को भी जगह मिली है।

भांडेर के आशुतोष तिवारी बने गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष

भांडेर अनुभाग के ग्राम पिपरौआकला निवासी आशुतोष तिवारी को मप्र गृह निर्माण एवं अधोसंरचना निर्माण मंडल का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। स्नातक तक शिक्षित आशुतोष सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय से बतौर शिक्षक जुड़े रहे।

संगठन मंत्री के रूप में दायित्व का निर्वहन करते हुए उन्होंने भोपाल और ग्वालियर संभाग की जिम्मेदारी निभाई। इनके पिता कुंजबिहारी की पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न अटलबिहारी वाजपेई से घनिष्टता रही है।

जितेंद्र को भी बोर्ड अध्यक्ष की मिली जिम्मेदारी

वहीं भांडेर अनुभाग के ग्राम प्यावल निवासी जितेंद्र लिटौरिया को मप्र खादी एवं ग्रामोद्याेग बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया है। लिटौरिया के पिता स्व. बृजकिशोर लिटौरिया शिक्षक रहे और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यवाह पद पर भी रह चुके हैं।

चार भाईयों में जितेंद्र सबसे छोटे हैं। वर्ष 1994 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्णकालिक कार्यकर्ता रहे। इसके बाद 2005 में वे सतना के संगठनमंत्री बने और फिर इसके बाद कटनी, होशंगाबाद से वर्तमान में उज्जैन के संगठनमंत्री रहे।

लंबी प्रतीक्षा के बाद आई सूची

निगम मंडलों के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों को लेकर सूची का इंतजार काफी लंबे समय से किया जा रहा था। शिवराज सरकार के कार्यकाल का अधिकांश समय गुजर चुका है।

सरकार की देरी ने उन नेताओं की बैचेनी बढ़ा दी थी जो कांग्रेस सरकार गिराकर भाजपा में शामिल तो हो गए लेकिन विधायक का चुनाव हार गए। सत्ता सुख से दूरी उन्हें सताने लगी थी। अपने समर्थक ऐसे नेताओं को जगह दिलाने के लिए सिंधिया भी प्रयासरत थे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter