कृषि उपज मंडी में बोली लगाने को लेकर फिर भिडे व्यापारी, मारपीट की नौबत आई, घायल हालत में थाने पहुंचकर लिखाई रिपोर्ट

Datia News : दतिया। कृषि उपजमंडी भांडेर में बुधवार को उपज की बोली लगने के दौरान दो आढ़तिया आपस में भिड़ गए। मामला मारपीट तक पहुंचने के बाद दोनों पक्ष भांडेर थाना पहुंचे और एक दूसरे के विरुद्ध मामला दर्ज कराया। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के दो-दो लोगों के विरुध्द मामला पंजीबद्ध किया है।

जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर 12.45 बजे कृषि उपजमंडी भांडेर में मंडी फड़ के चबूतरे पर मूंगफली की बोली लग रही थी। बोली लगने के दौरान दतिया के गल्ला व्यापारी कुलदीप परिहार व मोंटी से भांडेर के गल्ला व्यापारी हरिमोहन सोनी का विवाद हो गया। विवाद के बीच दोनों पक्षों में मारपीट की नौबत आ गई।

पुलिस ने फरियादी पुष्पराज सिंह जादौन की शिकायत पर हरिमोहन सोनी तथा जमुनाप्रसाद सोनी एवं दूसरे फरियादी हरिमोहन सोनी की शिकायत पर कुलदीप परिहार तथा मोंटी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

इस मामले में सचिव कृषि उपजमंडी भांडेर केके शर्मा से जब जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि जिस वक्त यह घटना घटी, मैं कार्यालय में ही था।

चूंकि व्यापारियों के बीच का मामला होने से मंडी इसमें कुछ नहीं कर सकती। लेकिन इस प्रकार की अप्रिय स्थिति से व्यापारियों को बचना चाहिए। कहीं न कहीं इससे मंडी की प्रतिष्ठा खराब होती है।

इंदरगढ़ में भी भिड़ गए थे व्यापारी

अभी कुछ दिन पूर्व ही इंदरगढ़ कृषि मंडी में भी धान की अधिक बोली लगाए जाने को लेकर दो व्यापारियों में विवाद हो गया था। जिसके बाद एक व्यापारी ने गुस्से में किसानों की बोली पर्ची तक फाड़कर फैंक दी थी।

इस मामले में मंडी के बाहर चक्काजाम की िस्थति भी बनी थी। जो तहसीलदार की समझाइश के बाद टल गई। इस तरह की घटनाओं से मंडी में किसान परेशान होते हैं।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!