Bhopal News : भोपाल। किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने ओला-वृष्टि के कारण किसानों की फसलों को हुए नुकसान का सर्वे करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलों के कलेक्टर्स से चर्चा कर निर्देशित किया कि किसानों की शिकायत से पहले उनके खेतों में जाकर सर्वेक्षण दल द्वारा सर्वे कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। सर्वे की वीडियोग्राफी अनिवार्य रूप से की जाए। पंचनामे पर किसान के हस्ताक्षर भी करवाएं।
कृषि मंत्री पटेल ने किसानों को आरबीसी 6 (4) और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहाकि किसानों की फसलों की क्षति का आंकलन ठीक ढंग से किया जाना सुनिश्चित करें। प्रत्येक किसान को संतुष्ट करें। किसानों को आश्वस्त किया गया कि क्षति का मुआवजा उन्हें उपलब्ध कराया जायेगा। सरकार किसानों के साथ है।
सरकार है किसानों के साथ
मंत्री पटेल ने आश्वस्त किया है कि प्रदेश सरकार किसानों के साथ है। किसानों को चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। ओला-वृष्टि के कारण किसानों को हुए नुकसान के सर्वे के निर्देश अधिकारियों को दे दिए गए हैं।
फसलों के नुकसान की क्षतिपूर्ति आरबीसी 6 (4) और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में की जाएगी। इस संबंध में बीमा कम्पनियों को भी निर्देश दिए जाएंगे।
मंत्री ने राजगढ़ कलेक्टर द्वारा किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से लाभान्वित करने के लिए अधिसूचना जारी करने पर सराहना की।
राजगढ़ कलेक्टर कार्यालय द्वारा 7 जनवरी को ही 6 जनवरी की रात्रि को ओला-वृष्टि के कारण फसलों को हुई नुकसानी के लिए दल बनाकर सर्वे करने और दावा राशि प्रदान करने के लिए एकजाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने के संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई थी।


