कोरोना ने लगाई लंबी छलांग : एक ही दिन में मिले 155 मरीज, मचा हडकंप, आंकड़ा 450 के पार पहुंचा

Datia News : दतिया। कोरोना की तीसरी लहर में बुधवार को 155 संक्रमित मरीज मिलने से हडकंप मच गया। इस तहर में अब तक की सबसे बड़ी संख्या में मरीज मिलने से स्वास्थ्य महकमे के भी हाथ पांव फूल गए। संक्रमितों में सबसे ज्यादा जीएनएम कालेज की छात्राएं और जिला न्यायालय के वकील व कर्मचारी शामिल हैं। इन सबके हाल ही में सैंपल लिए गए थे।

जिसके बाद आई जांच रिपोर्ट में डेढ़ सैकड़ा से अधिक मरीज मिले हैं। जिन्हें मिलाकर कुल एक्टिस केस 451 हो गए हैं। वहीं बुधवार को कोरोना संक्रमण से मुक्त हुए 51 मरीज डिस्चार्ज भी किए गए हैं। मंगलवार को भी 75 संक्रमित मिले थे। जिसके दूसरे दिन बुधवार को यह आंकड़ा दोगुना होकर 155 तक पहुंच गया।

कोरोना संक्रमण के बाद भी लोग सजग होते नजर नहीं आ रहे हैं। अभी भी मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंस का पालन कम ही नजर आ रहा है। यह गलतियां दिन पे दिन भारी पड़ती जा रही है। नववर्ष और मकर संक्रांति पर भी आयोजनों की भरमार रही। जबकि प्रशासन की ओर से रोक लगाई थी।

लेकिन कहीं भी इसका खास असर नहीं दिखाई दिया। परिणाम यह हुआ कि बाहरी लोगों की खूब भीड़ शहर सहित आसपास भी पहुंची और संक्रमण की गति बढ़ गई।

हर रोज आधा सैकड़ा के करीब मरीज निकल रहे थे जो एकदम बढ़कर डेढ़ सैकड़ा तक पहुंचना, कोरोना गाइड लाइन के पालन में बरती जा रही लापरवाही की ओर इशारा करता है। अगर अभी भी सजगता नहीं बरती गई तो यह सेहत के लिए खतरनाक होगा।

दूसरी लहर के मुकाबले कोरोना संक्रमण की रफ्तार तीसरी लहर में तीन गुना तेज हो गई है। जिसके कारण कुछ दिनों में ही आंकड़ा 500 के करीब जा पहुंचा है। यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में संक्रमण काफी तेज दिखाई देगा। कोरोना की लंबी छलांग ने चिंता बढ़ा दी है। इसे लेकर आम लोगों में जागरुकता आना आवश्यक है। तभी संक्रमण की रफ्तार में कुछ कमी हो सकती है।

बुधवार को 997 लोगों की सैंपलिंग स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा की गई थी। इसमें ज्यादातर सैंपलिंग जिला न्यायालय और जीएनएम कालेज में की गई थी। जहां से ज्यादा मरीज मिले हैं। इसके साथ ही सेवढ़ा, भांडेर, इंदरगढ़ में भी संक्रमण की चपेट में लोग मिले हैं। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार सैंपलिंग का काम जारी है।

बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में सबसे ज्यादा संक्रमित जीएनएम कालेज में मिले हैं। यहां की 47 छात्राएं संक्रमण का शिकार हुई है। इन सबकी सैंपलिंग स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हाल ही में की थी। जिसके बाद अाई जांच रिपोर्ट में उक्त छात्राएं संक्रमित निकली।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter