Datia News : दतिया। सर्दी का मौसम जाते-जाते भी अपने तेबर दिखा रहा है। गुरुवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ली। जिसके बाद शहर में भी अासमान में बादलों का डेरा जमा रहा। इस बीच तेज धूप भी निकली लेकिन दोपहर के बाद आसमान में बादल छा गए। जिसके बाद धूप का असर कम हो गया।

इधर सेवढ़ा अनुभाग स्थित मंगरौल क्षेत्र के एक दर्जन गांवों में गुरुवार शाम तेज बारिश के साथ ओले गिरे। इस दौरान बेर के आकार के ओले करीब 10 मिनिट तक अासमान से बरसे। कुछ ही देर में सड़क पर भी ओलों की परत बिछ गई। बारिश और ओलों का असर इसी क्षेत्र में रहा। जबकि सेवढ़ा नगर व अन्य आसपास के गांवों में बारिश नहीं हुई।
मंगरौल सहित आसपास के गांवों में सुबह के समय मौसम साफ रहा लेकिन दोपहर के बाद मौसम बदला और आसमान में गहरे काले बादल छा गए। जिसके कुछ देर बाद तेज बारिश शुरू हुई और इसके साथ ही ओले गिरने लगे। इस क्षेत्र के किसानों के मुताबिक इन दिनों खेतों में सरसों पककर फूल रही है। ऐसे में सरसों के फूल झड़ने से कुछ नुकसान संभावित है।
फिलहाल ओलावृष्टि से हुए नुकसान को लेकर सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन की ओर से संबंधित क्षेत्र के नायब तहसीलदार को क्षेत्र का भ्रमण कर आंकलन के निर्देश भी दिए गए हैं। मौसम परिवर्तन का यह दौर भी किसान के लिए मुसीबत लेकर आया। खेतों में फसल पककर लगभग तैयार होने वाली है। ऐसे में प्राकृतिक प्रकोप किसान को चिंता में डाले हुए है।

मंगरोल क्षेत्र में गुरुवार शाम करीब 4 बजे प्रकृति का प्रकोप बारिश के साथ ओलों के रूप में सामने आया। किसानों के अनुसार खेतों में इन दिनों सरसों की फसल खड़ी है। जिसे नुकसान की आशंका है।
सेवढ़ा अनुभाग के जिन गांवों में ओले गिरे उनमें मंगरोल वृत में आने वाले ग्राम मंगरोल समेत नया कसेरुआ, गुमानपुरा, भीकमपुरा, नीमडंडा समेत करीब एक दर्जन गांव शामिल हैं। ओलावृष्टि की खबर मिलने पर एसडीएम अनुराग निंगवाल ने मंगरोल वृत के नायब तहसीलदार को नुकसान के आकंलन की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश देते हुए प्रभावित गांवों का भ्रमण करने की हिदायत दे दी है।


