शादी में शामिल होने आया था फरारी बदमाश, पुलिस ने दबोचा, घटना के बाद शहर छोड़ गया था आरोपी

Datia News : दतिया। स्थाई वारंटियों की धरपकड़ की मुहिम दतिया पुलिस ने छेड़ रखी है। इसीक्रम में जिले भर के थानों में स्थाई वारंटियों की गिरफ्तारी का सिलसिला जारी है। गुरुवार को कोतवाली पुलिस ने 20 हजार के 2 इनामी फरारी बदमाश गिरफ्तार किया है। जो अपना नाम बदलकर राजस्थान के अजमेर और पड़ौसी जिले में झांसी में रह रहे थे।

कोतवाली टीआई रविंद्र शर्मा ने बताया कि स्थाई वारंटी अजीज खां पुत्र मोहम्मद रज्जाक खां निवासी चूनगर फाटक दतिया एवं स्थाई वारंटी रईस पुत्र रहीमबख्त मुसलमान सपा पहाड़ दतिया को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित रज्जाक वर्ष 2017 से फरार था। जो नाम बदलकर झांसी में रह रहा था। जिसे पुलिस ने झांसी से गिरफ्तार किया है। आरोपित के विरुद्ध दहेज मृत्यु के मामले में प्रकरण कोतवाली में पंजीबद्ध था।

वहीं आरोपित रईस के खिलाफ मारपीट का अपराध पंजीबद्ध है। आरोपित दतिया छोड़कर अजमेर शरीफ में निवास करने लगा था। जो एक शादी में सम्मिलित होने दतिया आया था। जिसे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

उक्त दोनों आरोपितों पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 10-10 हजार का इनाम घोषित किया गया था। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रविंद्र शर्मा, शिवकुमार राजावत, फिरोज खान, ज्ञानेंद्र शर्मा, दिलीप प्रधान की भूमिका रही।

चिरुला पुलिस ने भी पकड़ा वारंटी

स्थाई वारंटियों की धरपकड़ की मुहिम के तहत थाना प्रभारी चिरूला शशांक शुक्ला द्वारा पुलिस बल के साथ मुखबिर की सूचना पर ग्वालियर से नौ साल पुराने प्रकरण में फरार स्थाई वारंटी व दो हजार के इनामी हरजेंद्र पुत्र सरदूल सिंह सरदार निवासी ग्वालियर को गिरफ्तार किया गया। स्थाई वारंटी हरजेंद्र धारा 279, 337, 338 के मामले में फरार चल रहा था।

आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। उक्त कार्रवाई उनि शशांक शुक्ला थाना प्रभारी थाना चिरूला, राजीव वर्मा, धर्मेंद्र यादव, अविनाश, अनिल वाजपेई, राहुल गुर्जर, बृजेश की भूमिका रही।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter