पंडोखर के ग्राम जौरी में जमीन विवाद को लेकर हुई फायरिंग, दो युवक घायल, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

Datia News : दतिया। पंडोखर थाना क्षेत्र के ग्राम जौरी में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान हुई गोलीबारी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं कुल्हाड़ी के हमले में दूसरे पक्ष से भी एक युवक घायल हुआ। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस संबंध में दोनों पक्षाें की ओर से क्रास मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम जौरी निवासी चंद्रमणि शर्मा के परिवार से गांव के ही सतीश मिश्रा का विवाद चला आ रहा है। बताया जाता है कि वर्ष 2019 में चंद्रमणि के बड़े बेटे आदित्य पर सुनील मिश्रा, गेंदालाल वंशकार तथा रंजीत वंशकार ने गोली मारकर घायल कर दिया था।

जिसमें पीड़ित पक्ष ने तब पंडोखर थाने पर आरोपितों के विरुद्ध 307 का प्रकरण पंजीबद्ध कराया था। पुलिस के मुताबिक इसी मामले में आरोपितों की ओर से राजीनामे को लेकर दबाब बनाया जा रहा था। मंगलवार सुबह भी सुनील मिश्रा, सतीश मिश्रा, गेंदालाल वंशकार तथा रंजीत वंशकार ने चंद्रमणि के घर में घुसकर गाली गलौच कर विवाद शुरू कर दिया।

इस दौरान उक्त लोगों ने अंकित पर कुल्हाड़ी तथा उसके दादा नंदकिशोर पर लाठियों से मारपीट कर दी। इसी दौरान बचाव के लिए अंकित ने फायरिंग की जिसके छर्रे सतीश मिश्रा को जा लगे। गोलीबारी के बाद मौके पर भगदड़ मच गई।

यह भी पढ़ें : गैस रिफलिंग करते समय छोटा सिलेंडर फटने से तीन लोग घायल

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। जिसके बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया। इस मामले में फरियादी अंकित शर्मा ने सतीश मिश्रा, उसके भाई सुनील मिश्रा, गुलाब और रंजीत वंशकार के खिलाफ प्राणघातक हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

वहीं दूसरे पक्ष के सतीश मिश्रा ने चंद्रमणि, अंकित शर्मा एवं उसके बड़े भाई आदित्य शर्मा के विरुद्ध जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज कराया है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने धारा 307 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच में लिया है। घायलों में अंकित को गहरी चोटों के चलते भांडेर अस्पताल से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!