दतिया. नए किसान बिल के संबंध में किसानों को वास्तविक जानकारी देकर उससे लाभ के बारे में कृषि वैज्ञानिक बताएं। ताकि किसानों को अधिक से अधिक कृषि संबंधी लाभ प्राप्त हो। यह बात कृषि विज्ञान केंद्र दतिया के भ्रमण पर आए अटारी जबलपुर के निदेशक डॉ. एसआरके सिंह ने कही। उन्होंने कहाकि कृषि संबंधी गतिविधियों को संचार के नए साधनों जैसे व्हाट्सएप ग्रुप, फेसबुक, ट्वीटर, रेडियो, टेलीविजन एवं समाचार पत्रों के माध्यम से किसानों के बीच ले जाएं। केन्द्र और राज्य द्वारा कृषक हितों के लिए चलाई जा रही योजनाओं को किसानों तक पहुंचाने में कृषि वैज्ञानिक भी अपनी भूमिका निभाएं।
भ्रमण के दौरान डॉ. सिंह ने केन्द्र पर संचालित विभिन्न प्रदर्शन इकाईयों मत्स्यपालन, मुर्गीपालन, मशरूम, अजोला, नेटहाउस में पौध उत्पादन आदि इकाईयों सहित केन्द्र के प्रक्षेत्र का भ्रमण किया । साथ ही केन्द्र पर उपस्थित वैज्ञानिकों के साथ केन्द्र पर चल रही निकरा परियोजना, क्लस्टर डिमोन्शटेशन तिलहन एवं दलहन योजना, सीडहब योजना, एससीएसपी योजना के बारे में चर्चा की एवं बहुमूल्य समझाईश दी। उन्होंने केन्द्र को देश में श्रेष्ठ कार्य के लिए इस वर्ष प्राप्त पंडित दीनदयाल उपाध्याय कृषि विज्ञान प्रोत्साहन पुरूस्कार (राष्ट्रीय) का वास्तविक प्रमाण पत्र प्रदान किया।
