बड़े वाहनों के बाजार में बेरोकटोक निकलने से लगा रहा जाम, दिनभर लोग हुए परेशान
दतिया. सेवढ़ा बुधवार को नगर में जाम की समस्या के कारण लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। नगर में दरवाजे से लेकर सदर बाजार में पीली कोठी तक कई बार जाम लगा। जाम खुलने में भी लंबा वक्त लगने आवागमन काफी देर तक बाधित रहा । जाम का कारण ट्रैक्टर व अन्य लोडिंग वाहन ही रहे, जिनका दिन में बाजार से निकलना प्रतिबंधित किया गया था। बाबवजूद इसके अनदेखी के कारण इन वाहनों का बाजार से निकलना जाम की समस्या खड़ी कर रहा है।

सेवढ़ा सदर बाजार में पीएनबी बैंक के सामने, पीली कोठी के सामने, इमाम बाड़ा के पास रोज जाम लगता है। बुधवार को करवा चौथ पर्व के कारण बाजार में भीड़ रही। नतीजा यह हुआ कि बस स्टैंड से बाजार की ओर जाने वाले पूरे रास्ते पर जाम रहा । दरवाजे के पास एक घंटे तक वाहन अपनी बारी का इंतजार करते खड़े रहे । इसकी वजह दरवाजे में एक ट्रैक्टर का फंस जाना रहा। वहीं नगर में भी कई बार जाम के हालात देखे गए। यहां बतादें कि नगर में चार वर्ष पहले बाईपास रोड का निर्माण हो चुका था। उस वक्त से ही पुलिस ने बड़े सवारी वाहन बस, ट्रक, ट्रैक्टर सहित सभी लोडिंग वाहनों को दिन में बाजार में प्रवेश नहीं करने के निर्देश दिए थे। वाहनों को बाईपास की तरफ मोड़ने के लिए किले के पास तिराहे पर बेरीकेट्स रखे गए है। यहां पुलिस की नियमित ड्यूटी रहती है। जाम न लगे इसके लिए बाजार में तथा बसस्टैंड पर भी पुलिस की तैनाती रहती है। चूंकि सदर बाजार का 500 मीटर लंबाई वाला हिस्सा काफी सकरा है और इसमें कोई एक बड़ा वाहन खड़ा होने अथवा फंसने पर जाम लग जाता है। पुलिस की ढिलाई से यह समस्या विकराल हो जाती है और इसका उदाहरण बुधवार को देखा गया।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter