बाढ़ से ढह गए पुल और सड़कों का काम मार्च में होगा शुरू, प्रभारी मंत्री ने दिए निर्देश, पीएम आवासों की हकीकत जानने मोदी नगर पहुंचे

Datia News : दतिया। बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए पुल एवं सड़कों का कार्य मार्च माह से शुरू होगा। इसके साथ ही गौशालाओं का संचालन भी स्वसहायता समूहों से कराया जाएगा। वहीं गांवों में तालाब निर्माण कार्य भी कराए जाएंगे। यह सभी निर्णय सोमवार को जिला योजना समिति की बैठक में प्रभारी मंत्री सुरेश धाकड़ की मौजूदगी में लिए गए।

प्रभारी मंत्री बैठक के बाद पीएम आवासों की जमीनी हकीकत जानने दतिया में बसाए गए मोदी नगर भी पहुंचे। जहां उन्हें पता चला कि कुछ आपात्रों ने आवास की राशि लेकर अधूरा निर्माण करा रखा है और वह कहीं और निवास कर रहे हैं।

इस संबंध में उक्त लोगों की सूची तैयार कर उनके विरूद्ध 7 दिवस में कार्रवाई करने के मुख्य नगर पालिका अधिकारी दतिया को प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए। इसके साथ ही अपात्रों की जांच के लिए पांच सदस्यीय दल भी गठित किया गया है।

मार्च में शुरू होगा पुल-पुलियाओं का काम

जिले में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यो की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहाकि अगस्त 2021 में सिंध नदी में आई बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हुए पुलों एवं सड़कों का निर्माण कार्य मार्च माह से शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहाकि जनप्रतिनिधियों, अधिकारी आपसी समन्वय कर जिले के विकास में अपना पूर्ण योगदान दें।

प्रभारी मंत्री ने जिला स्तरीय की समस्याओं का अधिकारीगण एवं जनप्रतिनिधि द्वारा आपसी समन्वय से निराकरण करने को भी कहा। उन्होंने कहाकि अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण आपस में एक दूसरे का पूर्ण सम्मान करें तथा जिले के विकास के मामले में सामूहिक रूप से प्रयास किया जाएं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधिगण के आने वाले फोन को रिसीव अवश्य करें। जनता की समस्याओं के निराकरण में रूचि नहीं लेने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी।

मोदी नगर पहुंचकर जानी आवासों की हकीकत

प्रभारी मंत्री सुरेश धाकड़ ने दतिया में बसाए गए मोदी नगर पहुंचकर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित किए गए आवासों का निरीक्षण कर हितग्राहियों से चर्चा कर जानकारी ली। उन्होंने कहाकि ऐसे हितग्राही जिनके द्वारा राशि लेने के बाद भी आवास पूर्ण नहीं किए गए हैं, उनके विरूद्ध 7 दिवस में कार्रवाई मुख्य नगर पालिका अधिकारी दतिया करें।

प्रभारी मंत्री को भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि कई ऐसे हितग्राही है जिन्होंने योजना के तहत राशि प्राप्त कर आवास पूर्ण नहीं किए हैं। वह अन्य स्थानों पर निवास कर रहे है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पांच सदस्यीय दल गठित कर जांच कर अपनी रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

रिपोर्ट के आधार पर अपात्र लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वहां रहने वाली कल्लो कुशवाहा की समस्या सुनते हुए उसको हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया।

उन्होंने उसके बच्चों की शिक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इस दौरान अनूप कुमार श्रीवास्तव से आवास निर्माण के लिए विनोद सक्सेना द्वारा राशि लेने के बाद आवास पूर्ण नहीं करने पर पुलिस में प्रकरण दर्ज कराने के एसडीओपी दतिया को निर्देश दिए।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!