जी-23 बैठक के बाद राहुल गांधी से मिले भूपेंद्र सिंह हुड्डा, फिर उठाया ये कदम, जानें मामला

नई दिल्ली : कांग्रेस के ‘जी 23’ समूह के नेताओं की बैठक के एक दिन बाद हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बृहस्पतिवार को पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी के साथ उनकी मुलाकात के दौरान हालिया विधानसभा चुनाव के नतीजों और पार्टी को मजबूत करने के संदर्भ में चर्चा हुई है।

माना जा रहा है कि दोनों नेताओं ने हरियाणा में पार्टी को मजबूत बनाने के संदर्भ में भी बातचीत की है। हुड्डा भी उस ‘जी 23’ समूह के सदस्य हैं जो पार्टी में संगठनात्मक बदलाव और सामूहिक नेतृत्व की मांग कर रहा है।

सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी से मुलाकात के बाद हुड्डा ने ‘जी 23’ समूह के प्रमुख सदस्य और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की। बाद में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा भी आजाद के आवास पर पहुंचे और बैठक में शामिल हुए। शर्मा भी ‘जी 23’ समूह में शामिल हैं। माना जा रहा है कि इन नेताओं ने बुधवार को हुई बैठक की पृष्ठभूमि में आगे की रणनीति पर चर्चा की है।

कांग्रेस के ‘जी 23’ समूह के नेताओं ने बुधवार को बैठक करके हालिया विधानसभा चुनाव के नतीजों पर चर्चा की थी और कहा था कि पार्टी के लिए आगे बढ़ने का यही रास्ता है कि सामूहिक और समावेशी नेतृत्व की व्यवस्था हो। उन्होंने एक बयान में यह भी कहा था कि अगले लोकसभा चुनाव के लिए एक भरोसेमंद विकल्प पेश करने के मकसद से समान विचारधारा वाले दलों के साथ बातचीत की शुरुआत की जाए।

राज्यसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद के आवास पर हुई इस बैठक में कपिल सिब्बल, आनंद शर्मा, मनीष तिवारी, शशि थरूर, शंकर सिंह वाघेला, अखिलेश प्रसाद सिंह, संदीप दीक्षित, विवेक तन्खा, पृथ्वीराज चव्हाण, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, राज बब्बर, मणिशंकर अय्यर, पी जे कुरियन, राजेंद्र कौर भट्टल, कुलदीप शर्मा, परनीत कौर और एम ए खान शामिल हुए थे।

Written & SOurce By : P.T.I

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!