रेत से भरा ट्रैक्टर खेत से निकालने को लेकर हुआ विवाद, ग्राम कलेतरा में फायरिंग, दो भाई घायल

Datia News : दतिया। भांडेर थाना क्षेत्र के ग्राम कलेतरा में खेत से रेत से भरा वाहन निकालने को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी हो गई। इस घटना में दो भाई घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां डाक्टरों ने एक की हालत गंभीर देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया।

घटना में घायल हुए कलेतरा निवासी हरिमोहन यादव ने बताया कि उसके छोटा भाई कमल यादव देर शाम खेत पर काम कर रहा था। तभी कुछ लोग रेत से भरी ट्रैक्टर ट्राली लेकर खेत के रास्ते से निकाल रहे थे। जिन्हें भाई ने मना किया तो वह नहीं माने और विवाद होने लगा।

विवाद इतना बढ़ा कि करीब एक दर्जन लोगों ने इकट्ठे होकर भाई के साथ मारपीट कर दी। इस बात की सूचना मिलने पर जब हरिमोहन अपने भाई को बचाने पहुंचा तो आरोपितों ने उसे बंदूक की बटों से पीटा और गोली चला दी। जो उसके छोटे भाई को जा लगी। घटना के बाद हमलावर मौके से भाग निकले।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल उपचार के लिए भर्ती कराया। जहां कमल यादव के कंधे में गोली लगने से उसे चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया।

वहीं घायल हरिमोहन का उपचार जारी है। भांडेर थाना प्रभारी रविंद्र गुर्जर ने बताया कि गांव कलेतरा में रेत का ट्रैक्टर खेत के रास्ते से निकालने को लेकर विवाद में दो भाई घायल हुए हैं।

जिसमें एक को गोली लगी और एक के सिर में चोट है। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक की हालत गंभीर होने पर ग्वालियर रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!