Datia News : दतिया। अप्रैल माह की शुरुआत के साथ लगातार तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। भीषण गर्मी में घरों में पंखे-कूलर भी राहत नहीं पहुंचा पा रहे हैं। दिन में गर्म हवाएं चलने से लू के हालात बन रहे हैं।
शीतलपेय और खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ती जा रही है। शनिवार को भी अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। शनिवार को दिन का तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। जबकि न्यूनतम तापमान मामूली गिरावट के साथ 18.8 दर्ज हुआ।
राजस्थान एवं गुजरात की तरफ से आ रही गर्म हवाओं से भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग की मानें तो अभी गर्मी और बढ़ेगी। लू चलने के साथ ही गर्मी के तेवर लगातार तीखे हो रहे हैं। अंचल में गर्मी का सितम हर दिन के साथ बढ़ता जा रहा है।
सुबह 9 बजे ही धूप ऐसी चढ़ती है कि शाम 6 बजे तक ढलती ही नजर नहीं आ रही है। दिनभर धूप की तल्खी के चलते दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा नजर आने लगा है। शनिवार को भी सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। अभी तक का सबसे ज्यादा तापमान इसी दिन दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में अप्रैल में 46 डिग्री सेल्सियस तो मई में 47 डिग्री सेल्सियस तक तापमान दर्ज हो सकता है।
लू के थपेड़ों ने निकलना किया मुश्किल : बीते कुछ दिन से गर्मी के सितम और लू के चलते दिन में शहर की सड़कों पर आवाजाही कम हो गई है। सड़कें और बाजार सूने लगने लगे हैं। वही लोग सड़काें पर दिखाई देते हैं जिनको कोई जरुरी काम हो।
इसके साथ ही लोग निकल भी रहे हैं तो गमछा या तौलिया से मुंह बांधकर ही निकल रहे हैं। शनिवार को भी दतिया में लू चली। लू के थपेड़ों के कारण दोपहर बाहर निकलना मुश्किल हो गया। पश्चिमी हवा आने के कारण अभी लू से कुछ दिन राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
बच्चे तपती धूप में हो रहे परेशान : भीषण गर्मी के कारण स्कूलों का भले ही समय बदल दिया गया हो लेकिन स्कूल से छुट्टी के समय दोपहर 12 बजे धूप तेज हो जाती है। गर्मी में बच्चों को वैन और अन्य साधनों से घर वापिस लौटते समय तपना पड़ रहा है। ऐसे में बच्चे धूप में परेशान हो रहे हैं।
इस कारण बच्चों की तबियत खराब होने की शिकायत भी मिल रही है। बच्चों की आंखें लाल होने की समस्याएं और बुखार आदि की समस्या भी सामने आने लगी है। स्कूल शिक्षा विभाग भी गर्मी की भीषण िस्थति को देखते हुए इस बार जल्दी ही स्कूलों में छुट्टी घोषित करने पर विचार कर रहा है।