Datia News : दतिया। सोमवार शाम मां पीतांबरा का भव्य रथ राजस्थान के सुमेरपुर से तैयार होकर दतिया पहुंचा। रथ एक ट्रक में रखकर दतिया लाया गया। शहर में रथ के पहुंचते ही मां पीतांबरा के भक्त उत्साह से भर गए। माई के जयघोष के बीच रथ की अगवानी की गई।
इस मौके पर पीठ के पुजारी चंदागुरु सहित अन्य सेवकों द्वारा युवा भाजपा नेता डा.सुकर्ण मिश्रा से रथ का विधिविधान से पूजन कराया गया। डा.मिश्रा ने वैदिक मंत्रों के बीच रथ की आरती की। सभी श्रद्धालुजन रथ को धीरे-धीरे पीठ के मुख्यद्वार तक लाएं जहां रथ के पूजन की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
आज 3 मई को रथयात्रा की पूर्व संध्या पर नगर में दीपोत्सव का भव्य आयोजन होगा। पूरे शहर में जहां दुकान व मकानों पर दीप प्रज्जवलित किए जाएंगे। वहीं मां पीतांबरा के मुख्य द्वार पर शाम होते ही एक लाख दीपक एक साथ जगमगा उठाएंगे।

इस पूरे आयोजन को लेकर दीपदान सेवा समिति के प्रभारी समाजसेवी डा.राजू त्यागी ने बताया कि दीपोत्सव को लेकर पूरी तैयारियां की ली गई हैं। नगर में दीपकों का भी वितरण किया गया है। साथ ही शहर के प्रमुख मंदिरों पर भी दीप जलाएं जाएंगे। सांसद संध्या राय ने भी दीपों की बत्ती बनाने के काम में समिति सदस्यों के साथ मिलकर हाथ बंटाया।
इधर शहर में व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा रुट चार्ट भी तैयार कर लिया है। जिसमें आवागमन मार्ग को चिंहित करने के साथ ही पार्किंग स्थलों के बारे में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। चयनित स्थानों पर ही वाहनों की पार्किंग व्यवस्था रहेगी।
रथयात्रा की व्यवस्था को संभालने के लिए करीब 900 पुलिस कर्मी लगाए जाएंगे। सोमवार को भी गृहमंत्री डा.नरोत्तम मिश्रा ने रथयात्रा की तैयारियों व व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर व एसपी के साथ मंदिर के पुजारी सेवकों के साथ चर्चा कर जानकारी ली।
सुरक्षा कमान संभालेंगे 900 पुलिस कर्मी : 4 मई को निकलने वाली मां पीताम्बरा रथ यात्रा के दौरान हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति को देखते हुए नगर में सुरक्षा व्यवस्था के विशेष प्रबंध किए गए है जिसमें 2 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, 12 उपपुलिस अधीक्षक, 22 निरीक्षक एवं कुल 900 से अधिक पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
पुलिस विभाग दतिया दी गई जानकारी अनुसार रथ यात्रा पीताम्बरा मुख्य द्वार से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गो राजगढ़ चौराहा, भैरव मंदिर, छोटी तिगैलिया, तिगैलिया, टाउनहाल, बड़ा बाजार, पटवा तिराहा, किलाचौक, दारुगर की पुलिया, बिहारी जी मंदिर, पकौड़िया महादेव, वापस तिगैलिया, छोटी तिगैलिया, भैरव मंदिर, राजगढ़ चौराहा, बमबम महादेव, बस स्टैंड से दतिया स्टेड़ियम में समाप्त होगी।
रथयात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए शहर के मार्गो पर दोपहर 12 बजे से रात्रि 1 बजे तक यातायात व्यवस्था निर्धारित की गई है। कार्यक्रम के दौरान रथ यात्रा मार्ग और उससे जुड़े सभी मार्गो पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। रथ यात्रा मार्ग में किसी भी प्रकार के दो पहिया, तीन पहिया, चार पहिया वाहनाें का आवागमन शहर में प्रतिबंधित रहेगा।