दतिया से लापता हुए 6 वर्षीय बालक का ग्वालियर में दो दिन बाद मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

Datia News : दतिया। घर से गत 4 मई की दोपहर रथयात्रा देखने जाने की कहकर निकले 6 वर्षीय बालक मयंक सेन का शव ग्वालियर में बरामद हुआ है। पुलिस ने बालक का शव ग्वालियर में बरामद होने पर इस संबंध में अज्ञात लोगों के विरुद्ध अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि आखिर मयंक 75 किमी दूर ग्वालियर कैसे पहुंचा।

जानकारी के मुताबिक पंचशील नगर निवासी 6 वर्षीय मयंक सेन पुत्र संजीव सेन का शव दो दिन बाद ग्वालियर में गुरुवार को झांसी रोड ग्वालियर साइंस कालेज की बाउंड्री के पास में पड़ा मिला।

ग्वालियर पुलिस से अज्ञात बालक के शव मिलने की जानकारी दतिया कोतवाली पुलिस को मिली तो वह शुक्रवार देर रात मयंक के स्वजन को लेकर ग्वालियर पहुंची। ग्वालियर में स्वजन ने मयंक सेन के रुप में शव की शिनाख्त की। इस घटना के बाद मृत बालक के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं कोतवाली थाना प्रभारी रविंद्र शर्मा ने बताया कि लापता बालक के संबंध में मामला दर्ज था। ग्वालियर में शव मिलने पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस संबंध में अज्ञात लोगों के विरुद्ध अपहरण का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक लापता बालक की मां की तीन साल पहले मृत्यु हो गई थी है। उसक पिता कपड़ों पर प्रेस करने का काम करता है। फिलहाल पूरे मामले की पुलिस जांच कर रही है।

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter