नगर पालिका ने शुरू किया सफाई पखवाड़ा,7 से 13 नवंबर तक शहर में चलेगा सफाई अभियान
दतिया.दीपावली के मद्देनजर शहर में सफाई कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से नगर पालिका ने सफाई पखवाड़ा मनाने का निर्णय लिया है। जो 7 नवंबर शनिवार से प्रारंभ किया गया। यह पकवाड़ा 13 नवंबर तक चलेगा। सफाई की व्यवस्था देखने के लिए नगर पालिका सीएमओ एके दुबे के आदेश पर आरआई अनुपम पाठक एवं रईस खान के साथ नगरपालिका के सारे मेड पीतांबरा पीठ मुख्य द्वार पर इकट्ठा हुए । पीतांबरा पीठ के मुख्य द्वार पर सभी सफाई कर्मचारियों के साथ मीटिंग करने के बाद पूरी टीम शहर के सभी वार्डों में सफाई के लिए अलग-अलग दल बनाकर निकली। हर गली व चौराहे को साफ और स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका दतिया ने स्वच्छता पखवाड़ा मनाने का फैसला लिया है।

सफाई व्यवस्था को लेकर पिछले काफी दिनों से मिल रही शिकायतों से दतिया कलेक्टर विजय दत्ता ने नगर पालिका सीएमओ को शहर की साफ सफाई कराने की व्यवस्था संबंधी आदेश दिए थे। दतिया नगर पालिका में सफाई कर्मियों की काफी बड़ी लंबी लिस्ट होने के बावजूद भी साफ सफाई करने के उद्देश्य के लिए एक सैकड़ा से भी कम लोग इकट्ठा हो पाए। नगर पालिका कर्मचारी आरआई अनुपम पाठक एवं रईस खान के निर्देशन में सफाई का काम तुरंत चालू कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व दतिया नगर की सफाई के लिए कचरा डंप व्यवस्था को भी बदला गया था । इसके अलावा कचरे की छोटी गाड़ियों पर सिर्फ ड्राइवर को रखा गया था। अन्य कर्मचारी हटाकर अतिरिक्त कर्मचारी जुटाए गए थे । इसके अलावा 30 से अधिक ऐसे कर्मचारी थे, जो ड्यूटी पर ही नहींं आ रहे थे, जिन्हें नोटिस देकर चेतावनी दी गई थी। इसके बाद भी इनमें से कुछ कर्मचारी ही आना शुरू हुए हैं।

दीपावली त्यौहार के मद्देनजर शहर के कई भागों में कचरे के ढेर लगे हुए हैं। धूल और धुएं के कारण भी क्षेत्र में तेजी से प्रदूषण बढ़ा है। आवारा पशुओं को लेकर कोई योजना नहीं होने के कारण भी दतिया शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। इस सफाई पखवाड़े में 13 नवंबर तक कितनी सफाई हो पाती है यह बात अलग है। नगरपालिका के इस प्रयास का कुछ तो असर होगा। पाठक ने बताया कि नियोजित तरीके से पहले शहर के बाहरी हिस्से की सफाई की गई थी । अब शहर के भीतरी हिस्से को साफ किए जाने का प्रयास है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter