दूध की डेयरियों पर पहुंचा जांच दल तो भागे दुकानदार,
दतिया. दीपावली त्यौहार के मद्देनजर जिले में शासन के आदेश के बाद जांच दल ने खाद्य सामग्री व किराना व्यवसाई सहित दूध डेयरी वालों के यहां पर छापामार कार्रवाई पिछले 3 दिनों से की जा रही है। स्थानीय गोविंद गंज, राजगढ़ चौराहा और आनंद टॉकीज रोड पर दूध डेयरियों पर शनिवार की रात और रविवार की सुबह छापामार कार्रवाई शुरू हुई । इस दौरान कई दुकानदार, दुकान का शटर डाउन कर भाग गए या फिर दुकान खुली छोड़कर गायब हो गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने खुली मिली दुकानों से दूध और पनीर सहित अन्य खाद्य सामग्रियों के नमूने लिए और उन्हें जांच के लिए भेजा है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश निम ने बताया कि विगत तीन-चार दिनों से खाद्य सामग्री एवं दूध आदि की दुकानों पर शासन के आदेश के बाद जांच का कार्य शुरू किया गया है। इसमें इंदरगढ़, भांडेर और दतिया शहर की कुछ दुकानों पर जाकर जांच की जा रही है। रविवार सुबह भी जब यह दल कुछ दुकानों पर पहुंचा तो आसपास की दुकानों सहित क्षेत्र में इससे भगदड़ मच गई। कई दुकानदार अपनी दुकान छोड़कर भाग निकले । किसी ने शटर डाउन कर ताला ही लगा दिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश निम ने बताया कि शनिवार रात राजगढ़ चौराहा स्थित गोविंद डेरी पर छापामार कार्रवाई में अपमिश्रित दूध और पनीर जप्त किए गए हैं। इसी तरह गिर्राज दूध डेरी गोविंद गंज क्षेत्र में भी दूध और मिठाई आदि के सैंपल लिए गए हैं। उत्तम यादव दूध डेयरी से पनीर के नमूने लिए गए हैं। बताया जाता है कि क्षेत्र में दूध का उत्पादन अच्छा होने से बड़ी मात्रा में यहां से दूध और पनीर दूसरे शहरों के लिए भी भेजा जाता है। जांच दल ने श्री कृष्ण डेयरी, आनंद टॉकीज रोड पर भी दूध और पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।

जांच दल ने बताया कि कई स्थानों पर अपमिश्रित दूध बड़ी मात्रा में पाया गया है। इन सभी दुकानदार जिनके यहां पर अपमिश्रित दूध पाया गया है या पनीर पाया गया है, उन पर चालानी कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा किराना दुकानों पर भी बेसन सहित अन्य खाद्य सामग्रियों के सैंपल विभाग ने लिए हैं। जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। बता दें कि दतिया शहर में काफी समय से खाद्य सामग्रियों की जांच नहीं हो रही थी। इसे लेकर भी नईदुनिया ने प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किए थे। अब त्यौहार के मद्देनजर शासन ने खाद्य सुरक्षा विभाग को जांच करने के आदेश दिए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग में कर्मचारियों की कमी होने के कारण अन्य विभागों से भी कर्मचारियो को जांच दल में शामिल किया गया है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter