राजस्थान : संयुक्त सैन्य अभ्यास अल नजाह के चौथे संस्करण के लिए ओमान शाही सेना की टुकड़ी पहुंची भारत

जयपुर  : भारतीय सेना और ओमान की शाही सेना की टुकड़ियों के बीच भारत-ओमान संयुक्त सैन्य अभ्यास का चौथा संस्करण ‘अल नजाह-IV’ 01 से 13 अगस्त 2022 तक महाजन फील्ड फायरिंग रेंज (राजस्थान) के विदेशी प्रशिक्षण नोड में आयोजित किया जा रहा है। ओमान के सुल्तान की पैराशूट रेजिमेंट से 60 सैन्य कर्मियों वाली ओमान की शाही सेना की टुकड़ी अभ्यास स्थल पर पहुंच चुकी है।

भारतीय सेना की तरफ से 18वीं मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री बटालियन के सैनिक इस अभ्यास में हिस्सा लेंगे। संयुक्त सैन्य अभ्यास अल नजाह का पिछला संस्करण 12 से 25 मार्च 2019 तक मस्कट में आयोजित किया गया था।

अभ्यास अल नजाह के चौथे संस्करण की प्रमुख गतिविधियों में पेशेवर वार्ता, सैन्य अभ्यास एवं कार्य प्रणालियों की आपसी समझ, संयुक्त कमान और नियंत्रण संरचनाओं की स्थापना तथा आतंकवादी खतरों का शमन करना शामिल है।

इस सैन्य अभ्यास के दौरान संयुक्त शारीरिक प्रशिक्षण कार्यक्रम, सामरिक अभ्यास, तकनीक एवं प्रक्रियाओं के समायोजन के अलावा संयुक्त राष्ट्र के चार्टर के तहत आतंकवाद का मुकाबला करने वाले सैन्य ऑपरेशन, क्षेत्रीय सुरक्षा कार्यक्रम और शांति की रक्षा संचालन गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित किया जायेगा।

संयुक्त सचल वाहन चेक पोस्ट की स्थापना, संयुक्त घेराबंदी और तलाशी अभियान के बाद निर्धारित किये गए क्षेत्र में संयुक्त रूप से छोटे स्थानों पर पूरे किये जाने वाले ऑपरेशन्स के साथ 48 घंटे तक चलने वाले सैन्य अभ्यास से समापन तक पूरा होने वाला एक व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया गया है।

संयुक्त सैन्य अभ्यास का उद्देश्य भारतीय सेना एवं ओमान की शाही सेना के बीच रक्षा सहयोग के स्तर को बढ़ाना है तथा यह दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने में और सहायक सिद्ध होगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!