Datia news : दतिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के तलैया मोहल्ला राईन मस्जिद के पास इलाके में पैसों के लेनदेन को लेकर कुछ लोगों ने कट्टे से गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी। वहीं इस घटना में मृतक का साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना बुधवार रात 11 बजे की बताई जाती है। इस गोलीबारी में युवक सुमित यादव पुत्र बलवीर यादव भटियारा मोहल्ला की मौत हो गई। जबकि उसका साथी सुमित साहू पुत्र मोहन साहू निवासी भटियारा मोहल्ला गंभीर घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार रात्रि 11 बजे हमलावर तलैया मोहल्ला मस्जिद के पास घात लगाए हुए बैठे थे। इसी दौरान सुमित यादव पुत्र बलवीर यादव निवासी भटियारा मोहल्ला वहां से गुजरा। उसके साथ युवक अमित साहू भी था, जो अपने घर जा रहा था। तभी मौका देख हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और कट्टे से फायरिंग कर दी। जिससे युवक सुमित यादव की गोली लगने से मौत हो गई।
वहीं दूसरा युवक सुमित साहू भी गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए। इसके बाद कुछ लोग हिम्मत जुटाकर मौके पर पहुंचे। जिन्होंने घायल युवक को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने घायल युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे झांसी रेफर कर दिया। जहां घायल युवक का उपचार जारी है। मौके से आरोपित फरार हो गए।
मोहल्ला वासियों के मुताबिक यह घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में निश्चित रूप से कैद हो गई होगी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
इस संबंध में आरोपित गोविंद यादव पुत्र खुशीराम यादव निवासी पट्ठापुरा दतिया और टिल्लू दुबे निवासी पट्ठापुरा सहित दो अन्य लोग के खिलाफ धारा 302,307,34 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।


