CM की केन्द्रीय मंत्री गडकरी से भेंट : 3,257 करोड़ रूपये के 37 कार्यों की स्वीकृति जारी करने का किया अनुरोध

भोपाल  : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय भूतल परिवहन मंत्री  नितिन गडकरी से उनके निवास पर भेंट कर राज्य के सड़क परिवहन और राजमार्ग से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने केन्द्रीय सड़क अधो-संरचना निधि से 3,257 करोड़ रूपये की लागत के 37 कार्यों के लिये प्रशासकीय स्वीकृति जारी करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री  चौहान ने प्रदेश के बड़े और मध्यम शहरों में यातायात सुगम बनाने के लिए सेतु बन्धन योजना में 10 शहर में 21 फ्लाइओवर के निर्माण कार्यों की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। बैठक में अटल प्रगति पथ, दिल्ली-बडोदरा एक्सप्रेस-वे, सेतु बंधन योजना, रोप-वे निर्माण आदि के तकनीकी और वित्तीय पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री  ने केन्द्रीय मंत्री गडकरी से अटल प्रगति पथ के रोड अलाइमेंट संशोधित होने से भू-अर्जन, वन एवं पर्यावरण संबंधी अनुमतियों की कार्यवाही को गति देने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना हेतु शासकीय भूमि निःशुल्क उपलब्ध करवायी जायेगी। इसके अतिरिक्त निजी भूमि के बदले समतुल्य शासकीय भूमि भी राज्य शासन निःशुल्क उपलब्ध करायेगी।

मुख्यमंत्री  ने बताया कि दिल्ली-बडोदरा एक्सप्रेस-वे 7 स्थान पर मध्यप्रदेश की महत्वपूर्ण सड़कों से गुजर रहा है, जहाँ कनेक्टिविटी के लिए कुल 475 किलोमीटर के फोर-लेन मार्ग के निर्माण की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री  ने इसके लिए मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम को निर्माण एजेंसी बनाये जाने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में पीपीपी मॉडल पर 15 स्थान पर रोप-वे निर्माण प्रस्तावित है। इससे संबंधित फिजीबिलिटी रिपोर्ट शीघ्र तैयार करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग लॉजिस्टिक मैनेजमेंट कम्पनी को निर्देशित करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री  ने सीहोर जिले में 7 किलोमीटर लम्बे मालीवाया-सलकनपुर-नीलकछार मार्ग के चौड़ीकरण के लिए केन्द्रीय सड़क अधो-संरचना निधि से स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया, जिससे सलकनपुर देवी मंदिर दर्शनार्थियों के लिये मार्ग सुगम हो सके। केन्द्रीय मंत्री  गडकरी ने मुख्यमंत्री चौहान को केन्द्र सरकार द्वारा हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया। बैठक में भूतल परिवहन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों सहित मध्यप्रदेश लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव  नीरज मंडलोई भी उपस्थित थे

Share this with Your friends :

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter