दतिया मेडीकल कॉलेज का बड़ा निर्णय : नवीन ओपीडी के 163 बिस्तर भी सामान्य मरीजों के लिए रहेंगे उपलब्ध, 17 अगस्त से खुल जाएंगे वार्ड

Datia News : दतिया । जिला अस्पताल के नवीन ओपीड़ी भवन में अब तक कोविड मरीजों के लिए आरक्षित 163 बिस्तरों के वार्ड को सामान्य मरीजों के लिए 17 अगस्त से खोला जाएगा। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के सहायक प्राध्यापक व सह अस्पताल अधीक्षक एवं जनसम्पर्क अधिकारी डॉ.हेमंत कुमार जैन ने बताया कि 17 अगस्त से 16 बिस्तरों का मेडीसिन आईसीयू, 21 बिस्तरों का सर्जिकल आईसीयू, 40 बिस्तरों का मेल मेडिकल वार्ड, 34 बिस्तरों का मेल सर्जिकल वार्ड तथा 32 बिस्तरों का मेल ऑर्थोपेडिक वार्ड तथा 20 बिस्तरों का पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड नवीन ओपीड़ी में आम मरीजों के लिए खोला जा रहा है।

यह वार्डस और आईसीयू पूर्व में कोविड मरीजों के लिए आरक्षित थे। वर्तमान में कोविड का खतरा टल गया है। ऐसे में इन वार्डों के बिस्तरों का उपयोग मरीजों के लिए किए जाने का निर्णय लिया गया है।

मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ.दिनेश उदेनिया की अध्यक्षता में एक बैठक गत 8 अगस्त शनिवार को अधिष्ठाता कार्यालय में रखी गई। जिसमें मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.आरबी कुरेले, सिविल सर्जन डॉ. केसी राठौर, अस्पताल अधीक्षक डॉ.अर्जुन सिंह और सह अस्पताल अधीक्षक डॉ.हेमंत जैन ने संयुक्त निर्णय लेते हुए आईसीयू और मेल वार्ड नवीन ओपीड़ी भवन में चालू किए जाने पर सहमति जताई।

जिला अस्पताल में हुए अब 500 बिस्तर : पिछले कुछ दिनों में इस कार्य के लिए डॉ.हेमंत जैन ने सिविल सर्जन डॉ. केसी राठौर के साथ कई मीटिंग भी की। जिसमें रूपरेखा बनाकर 10 अगस्त को सभी चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ को आदेशित किया गया कि 17 अगस्त से उक्त कार्य को संपादित किया जाना है। इन बिस्तरों के साथ ही अब जिला अस्पताल में लगभग 500 बिस्तर मरीजों के लिए उपलब्ध होंगे। जिससे स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा।

स्टाफ के लिए की जाएगी व्यवस्था : अभी तक इन बिस्तरों के लिए वार्ड बॉय, अटेंडर, स्वीपर और गार्ड की व्यवस्था नहीं हुई है। इसके लिए जिला प्रशासन को और भोपाल में वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया जाएगा।

ताकि जल्द से जल्द इन पदों को भरा जा सके। जिससे जनता को स्वास्थ्य लाभ के साथ जिले के युवाओं को रोजगार उपलब्ध हो सके। मेडिकल कॉलेज की तरफ से यह दतिया वासियों के लिए स्वतंत्रता दिवस का एक तोहफा माना जा रहा है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!