Mumbai News : मुंबई । मुंबई एयरपोर्ट पर उस समय अफरा तफरी मच गई जब लैंडिंग के दौरान एक स्पाइसजेट बोइंग 737-800 के विमान का टायर अचानक तेज आवाज के साथ फट गया। एकाएक उत्पन्न हुई इस आपतकालीन स्थिति को देखते हुए तत्काल दिल्ली से आ रही फ्लाइट की लैंडिंग कराई गई। समय रहते से सभी प्रबंध हो जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। विमान की लैंडिंग के बाद सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित बताए जाते हैं।
जानकारी के अनुसार दिल्ली से मुंबई के लिए स्पाइसजेट विमान ने सुबह साढ़े सात बजे उड़ान भरी थी। करीब डेढ़ घंटे बाद यह विमान मुंबई पहुंचा था। स्पाइसजेट का बोइंग 737-800 विमान मुंबई एयरपोर्ट के मुख्य रनवे क्रमांक 27 पर जैसे ही लैडिंग करने वाला था उसी समय अचानक विमान का टायर फट गया।
विमान का टायर फटने की स्थिति को देखते हुए एयरपोर्ट पर अलर्ट घोषित कर दिया गया। हालात को देखते हुए मुंबई एयरपोर्ट के मुख्य रनवे को भी कुछ देर के लिए निरीक्षण के लिए बंद करना पड़ा। जिसके कारण आने वाले दो अन्य विमानों की लैंडिंग में भी देरी हो गई।
गनीमत रही कि आग नहीं लगी : स्पाइसजेट के प्रवक्ता के मुताबिक विमान रनवे 27 पर सुरक्षित रूप से लैंड कर गया था। विमान की जांच करने पर सामने आया कि उसका एक टायर खराब था।
गनीमत रही कि लैंडिंग के दौरान टायर में आग लगने या धुआं उठने की स्थिति नहीं बनी। वहीं विमान पायलेट का कहना है कि लैंडिंग के दौरान फ्लाइट में सब कुछ सामान्य था। उन्हें फ्लाइट में कुछ भी खराबी महसूस ही नहीं हुई।
पहले भी कई विमानों की हुई आपातकालीन लैंडिंग : हाल के महिनों में भी कुछ विमानों की आपातकालीन लैंडिंग कराई गई थी। सुरक्षा के उचित प्रबंधन के चलते कोई हादसा नहीं हुआ। साथ ही इस तरह की स्थिति में किसी यात्री की जान भी नहीं गई।
पटना से दिल्ली जा रही स्पाइसजेट फ्लाइट के इंजन में पक्षी के टकरा जाने से आग लग गई थी। वहीं कुछ विमानों में तकनीकी खराबी के कारण भी उनकी आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी थी।