चिरुला में भारी मात्रा में निकाली जा रही रेत, पुल के पिलर हो रहे कमजोर
दतिया.चिरुला क्षेत्र के तहत निकली नदी और उसके ऊपर िस्थत पुल से भारी मात्रा में रेत का अवैध खनन किया जा रहा है। इसके अलावा अंगूरी बैराज से निकली पाइप लाइन के नीचे से भी रेत निकली जा रही है। इसके चलते पुल के पिलर के आसपास से रेत निकालने के कारण बड़ी दुर्घटना की आशंका पैदा हो गई है। सबसे खास बात यह है कि ग्रामीणों ने इसकी शिकायत कई बार चिरुला थाने और खनिज विभाग को भी की है। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।ग्राम चिरुला के ग्रामीणों ने बताया कि वहां से गुजरी नदी के आसपास से अवैध रेत खनन लगातार किया जा रहा है। यहां तक की नदी के पास िस्थत शमशान घाट के पहुंच मार्ग से भी अवैध खनन कर रेत निकाली जा रही है। इससे कभी भी सड़क के धसकने का खतरा बन गया है। इसी तरह अंगूरी बैराज के लिए बने पुल के पिलर के समीप से भी रेत निकाली जा रही है। इस कारण पुल के पिलर भी कमजोर होते जा रहे हैं। आने वाले समय में इस तरह से रेत निकालना खतरनाक साबित हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि नदी से जाने वाले पेयजल आपूर्ति पाइप लाइन के नीचे से भी रेत निकलने का क्रम जारी है। इससे पाइप लाइन के टूटने का खतरा बढ़ गया है। गौरतलब है कि इस पाइप लाइन से अंगूरी बैराज पानी शहरी क्षेत्र में सप्लाई करने के लिए भेजा जाता है। जिस दिन भी पाइप लाइन टूटी उस दिन शहर में जल आपूर्ति बाधित हो जाएगी। ग्रामीणों ने इस संदर्भ में कई शिकायतें संबंधित विभागों को की है। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जिस दौरान रेत निकालने वाले इन क्षेत्रों से खनन करते हैं, उसकी सूचना भी पुलिस को दी जाती है। परंतु चिरुला थाना प्रभारी ग्रामीणों को ही डांट फटकार कर भगा देते हैं। जाहिर है ऐसे में चिरुला पुलिस की रेत माफिया से सांठगांठ नजर आती है। यह सांठगांठ कभी भी बड़ी दुर्घटना को अंजाम दे सकती है। शीघ्र ही इस मामले में ग्रामीण कलेक्टर व एसपी को ज्ञापन सौपेंगे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter