डैम से पानी छोड़ने के बाद फिर बढ़ा सिंध का जलस्तर : छोटा पुल चौथी बार डूबा, दो दर्जन गांवों का संपर्क टूटा

Datia News : दतिया। मड़ीखेड़ा डेम से 2000 क्यूसेक पानी छोड़ने के 16 घंटे के अंदर ही सेवढ़ा में सिंध नदी का जल स्तर सामान्य से 15 फीट बढ़ गया। इसका असर यह हुआ कि गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात सनकुआं पर स्थित छोटा पुल एक बार फिर डूब गया। पुल डूबने के पहले ही पुलिस ने आवागमन बंद कर दिया था।

शुक्रवार को पूरे दिन नदी का जल स्तर बढ़ता रहा। शाम को बहाव कम हुआ पर फिर भी 15 फीट ऊंचाई तक पानी होने के कारण सनकुआं का छोटा पुल एवं समीपस्थ मंदिर मठ डूबे रहे। सीजन में एक माह के अंदर यह चौथा अवसर है जब नदी का जल स्तर बढ़ने से पुल डूब गया।

यही पुल फिलहाल स्टेट हाईवे 19 को जोड़ने का माध्यम है। साथ ही नगर के पशुपालक इसी से होकर नदी पार जंगल में पशु चराने जाते हैं। पुल डूबते ही ग्वालियर भिंड मुरैना के अलावा दिल्ली आगरा की ओर जाने वाले वाहनों को 60 किलोमीटर का फेरा लगाना पड़ता है। बता दें कि सनकुआं पर स्थित पुल बीते वर्ष बाढ़ में बह गया था।

तब से पुल के नव निर्माण को लेकर कोई प्रक्रिया प्रांरभ नहीं हुई है। ऐसे में लोगों की चिंता भविष्य को लेकर है। क्योंकि नदी का जल स्तर बढ़ना अब लोगों की जीवन रेखा रोक देता है। सेवढ़ा के अलावा नदी के उस पार स्थित दो दर्जन से अधिक गांव के लोगों का शासकीय अशासकीय एवं बाजार के काम के लिए सेवढा से संपर्क टूट जाता है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!