Datia news : दतिया। पवित्र नगरी उज्जैन में श्री महाकाल लोक के मंगलवार को लोकार्पण का साक्षी पूरा दतिया जिला भी बना। इस अवसर पर दतिया जिले के देवालयों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए और वहां लगाए गई एलईडी स्क्रीन व टीव्ही के माध्यम से उज्जैन में आयोजित अलौकिक श्री महाकाल लोक के लोकार्पण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख जिलेवासी भी सहभागी बने।

इस दौरान मां पीताम्बरा पीठ प्रांगण दतिया में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें एलईडी के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों ने उपस्थित होकर श्री महाकाल लोक के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के उद्बोधन को सुना व देखा।
इससे पूर्व पीठ स्थित बनखंडेश्वर महादेव पर कलेक्टर संजय कुमार ने अभिषेक कर पूजा अर्चना की। इस दौरान अपर कलेक्टर रुपेश उपाध्याय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश भार्गव, एसडीएम दतिया ऋषि कुमार सिंघई सहित नपा अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रशांत ढेंगुला, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि योगेश सक्सेना सहित जनप्रतिनिधि एवं मंदिर के पुजारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। सामूहिक रूप से हर-हर महोदव एवं महाकाल का जयघोष किया गया।

इस अवसर पर मंदिर प्रांगण में दीपोत्सव का कार्यक्रम भी आयोजित हुआ। उज्जैन के आयोजन के उपलक्ष में जिले के लगभग 200 मंदिरों में मंगलवार को सुबह से भर्रोली शिव मंदिर, नरसिंह मंदिर बड़ौनी, कारसदेव मंदिर हिड़ौरा, मैथाना, शीतला माता
इंदरगढ़, मां रतनगढ़ माता मंदिर, उचाड़, सनकुआं, भैरारेश्वर मंदिर बसई आदि मंदिरों में भजन, कीर्तन, दीपोत्सव, सजावट, रोशनी कर पूजा अर्चना भी गई। मंदिरों पर लगाई एलईडी स्क्रीन पर महाकाल की नगरी उज्जैन में आयोजित श्री महाकाल लोक के लोकार्पण कार्यक्रम के सीधे प्रसारण को भी लोेगों ने देखा एवं सुना।


