Datia News : दतिया । गैस सिलेंडर के आग पकड़ने से एक महिला गंभीर रुप से झुलस गई। किचिन में चाय बनाते समय यह हादसा घटित हुआ। महिला के शोर मचाने पर घर के सदस्य दौड़कर किचिन में पहुंचे। जहां गैस सिलेंडर से फैली आग पर किसी तरह काबू कर गंभीर रुप से झुलसी महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। महिला के दोनों पैर इस हादसे में झुलस गए।
जानकारी के अनुसार ग्राम बिलोनी निवासी गब्बर सिंह की पत्नी सुमन शाम के वक्त घर में आए मेहमानों के लिए चाय बनाने किचिन में गई हुई थी। इसी दौरान गैस जलाते समय सिलेंडर ने आग पकड़ ली।
देखते ही देखते आग की चपेट में महिला भी आ गई। जिसके बाद उसने घर के सदस्यों को मदद के लिए चिल्लाकर बुलाया। घर के लोग अंदर किचिन में पहुंचे तो रसोई में रखा सामान सिलेंडर से फैली आग से जल रहा था।
किसी तरह आग पर काबू पाकर इसकी चपेट में आकर झुलसी महिला सुमन को स्वजन तत्काल अस्पताल लेकर दौड़े। जहां महिला को जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया। हादसे में किचिन में रखा सामान भी जलकर स्वाहा हो गया।
घटना के संबंध में महिला के पति ने बताया कि गैस सिलेंडर के अचानक आग पकड़ लेने के कारण हादसा घटित हुआ। गनीमत यह रही कि सिलेंडर नहीं फटा वरना बड़ा हादसा घटित हो सकता था। घर के लोगों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। इस घटना में घर का कुछ सामान भी जलकर नष्ट हो गया।


