Datia news : दतिया। मंगलवार अलसुबह झांसी से दिल्ली जा रहे तीन लोगों की कार बेकाबू होकर सड़क किनारे बनी खंती में जा पलटी। इस हादसे में कार पर सवार युवक की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने कार सवार घायलों की मदद कर उन्हें किसी तरह निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस को भी इस घटना की सूचना दी गई। वहीं सोनागिर तिराहे के पास मजदूरों की तलाश में गए बाइक सवार युवक की हाईवे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से मौत हो गई। संबंधित थानों में घटनाओं के संबंध में मामले दर्ज कर लिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार झांसी निवासी शादाब कुरैशी पुत्र एसएम कुरैशी अपने भाई शाजाब और ड्राइवर नितिन के साथ मंगलवार अलसुबह दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान दतिया में 44 हाइवे पर अचानक चालक का कार पर से संतुलन बिगड़ गया और कार खंती में जा पलटी। इस हादसे में शादाब कुरैशी की मौत हो गई।
वहीं अन्य दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उपचार के लिए घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां दोनों घायलों का उपचार जारी है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पीएम कराकर स्वजन के सुपुर्द कर दिया है।
वहीं गोराघाट थाना क्षेत्र के ग्राम उपरांय निवासी किसान प्रमोद पुत्र रमेश खेत पर काम करने के लिए मजदूरों की तलाश में बाइक से गया था। वहां से घर लौटते समय हाईवे पर सोनागिर तिराहे के पास किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से युवक का शव जिला अस्पताल भेजकर उसका पीएम कराया।


