दतिया.नहरों में पानी छोड़े जाने के बाद से ग्रामीण क्षेत्र में लगातार हादसे घटित हो रहे हैं। इन दिनों रवी फसलों की बोबनी के लिए किसान के पलेवा के लिए सिंचाई विभाग ने राजघाट नहरों में पानी छोड़ा रखा है। नहर में पानी का बहाव तेज है। रविवार को भी उनाव थाना क्षेत्र में आने वाले ग्राम इकारा निवासी महिला की राजापुर में नहर में डूब जाने से मौत हो गई। महिला कार्तिक स्नान के लिए नहर पर अन्य महिलाओं के साथ गई थी जहां स्नान करते समय उसका पैर फिसल गया और वह नहर के बहाव के साथ् बह गई। नहर में पानी का तेज बहाव होने के कारण महिला के शव को ढूंढने में करीब काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब 7 घंटे बाद शव नहर से निकाला जा सका।
जानकारी के अनुसार ग्राम इकारा निवासी विनीता शर्मा कार्तिक स्नान के लिए गांव की अन्य महिलाओं के साथ राजापुर नहर पर गई थी। जहां सुबह 6 बजे स्नान के दौरान अचानक पैर फिसलने जाने से विनीता नहर में जा गिरी और पानी के तेज बहाव के कारण वह बह गई। महिला के नहर में डूबने की खबर लगते ही ग्रामीणों का हुजूम नहर पर एकत्रित हो गया। महिला को नहर में खोजने के लिए मोहनपुर, पैंता, दवरीभाट, पठरा, सड़वारा, दरियापुर के ग्रामीणों ने अपने स्तर पर प्रयास शुरू किए । जब प्रयास सफल नहीं हुए तो पुलिस और सिंचाई विभाग को सूचना दी गई। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर महिला को नहर में ढुंढवाने के लिए ग्रामीणों को रस्सी को सहारे नहर में उतारा लेकिन शव नहीं मिल सका । इसके बाद ग्रामीणों के कहने पर नहर में पानी बंद कराया गया। काफी मशक्कत के बाद इकारा से 5 किमी दूर मोहनपुर ग्राम के पास रामगढ़ माइनर पुलिया से दोपहर 1 बजे विनीता का शव मिल सका।
उनाव पुलिस ने मृतका के स्वजनों से मामले की पूछतांछ की । मृतका के दोनों भाई प्रदीप शर्मा, पियूष शर्मा निवासी सालमाई डबरा एवं ससुराल पक्ष से सुसर विनोद कुमार शर्मा ने मौके पर पहुंचकर पुलिस से मृतका का पीएम कराने से मनाकर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के स्वजनों की कहने पर बिना पीएम महिला का शव उन्हें सौंप दिया।

