शहर में हर्षोल्लास के साथ मना दीपोत्सव पर्व, देर रात तक चला आतिशबाजी का दौर
दतिया. दीपावली के अवसर पर शनिवार को देर रात तक आसमान में आतिशबाजी की रंग बिरंगी छटा के बीच पटाखों की आवाज शहर में गूंजती रही। शहरवासियों ने पूरे हर्षोल्लास के साथ अपने घरों पर जगमग दीपमालिकाओं के बीच लक्ष्मी पूजन किया और परस्पर पर्व की शुभकामनाएं दी। दीपावली की शाम गृहमंत्री डॉ.नरोत्तम मिश्रा ने कार्यकर्ताओं के साथ शहर में घूमकर नगरवासियों व व्यापारी वर्ग को दीपावली की शुभकामनाएं दी। लॉकडाउन के बाद दीपावली पर्व को लेकर हर कोई उत्साह में नजर आया। इस अवसर पर लोगों ने घरों में देर रात तक लक्ष्मी पूजन किया और फिर खूब पटाखे फोड़े। दुकानदारों ने दिन में दुकानों व संस्थानों पर पूजा की । दीपावली के अगले दिन रविवार सुबह से ही गोवर्धन पूजा का सिलसिला प्रारंभ हो गया। आज सोमवार को भाईदोज यमद्वितीया का पर्व मनाया जाएगा।

गोवर्धन पर गौशालाओं में हुई गाय की पूजा

रविवार को शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में गोवर्धन पूजा की गई। बता दें कि इस क्षेत्र में बड़ी मात्रा में गोपालन होता है। मुख्य आयोजन गोविंद गौशाला पर आयोजित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ अरुणादित्य देव व दतिया राजपरिवार के संरक्षक सेवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह ने की भगवान गोवर्धन व गौ पूजन किया । गौशाला प्रांगण में गाय के गोबर से निर्मित भगवान गोवर्धन की विशाल प्रतिमा लोगों में आकर्षण का केन्द्र रही। सुबह 11.30 बजे शुरू हुए धार्मिक कार्यक्रम में विधि विधान से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा अर्चना एवं भगवान गोवर्धन की आरती की गई। उपस्थित धर्मप्रेमी जनों ने भगवान गोवर्धन की परिक्रमा कर उन्हें खीलें अर्पित की। आभूषणों से सुसज्जित गौ-माता का तिलक लगाकर व माला पहनाकर अरुणादित्य देव व विधायक घनश्याम सिंह ने पूजन किया तथा जिले की खुशहाली, जनता की सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर शहर के कई वरिष्ठ गणमान्य नागरिक शामिल हुए। इस दिन ग्रामीण क्षेत्रों में भी सबसे पहले गायों को नहलाया गया और उनका विशेष श्रंृगार किया गया। इसके बाद उन्हें मिष्ठान और उनकी पसंदीदा हरी घास, गुड और खली आदि खिलाई गई। गोवर्धन पूजा के साथ ही मंदिरों व देवालयों और सामाजिक धर्मशालाओं में अन्नकूट के आयोजन भी शुरू हो गए। गोविंद गंज स्थित गोविंद मंदिर में गोवर्धन पूजा के साथ अन्नकूट का आयोजन किया गया। वहां शाम को अन्नकूट का आयोजन हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और यादव समाज के लोग उपस्थित रहे।

झिरका बाग में बनाया 25 फुट का गोवर्धनस्थानीय झिरका बाग दतिया में नारायण कुशवाहा के निवास पर गोवर्धन पर्व पर 25 फुट लंबे गोवर्धन भगवान की प्रतिमा गोबर से बनाई गई यह दतिया जिले की सबसे बड़ी गोवर्धन प्रतिमा रही। इसे बनाने में पांच बैलगाड़ी गोबर को इकट्ठा किया गया था। जिससे 25 फुट लंबी और 17 फुट चौड़ी गोवर्धन प्रतिमा बनाई गई। इसे बनाने में नारायण कुशवाहा हरनाम कुशवाह उनके सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा। जिसका पूजन विनोद मिश्रा एवं संजय रावत आदि लोगों ने किया।

सर्वार्थसिद्धि योग में आज मनेगी भाईदूज

भाई दूज पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। इसे यम द्वितीया भी कहा जाता है| इस वर्ष भाईदूज अाज 16 नवंबर को मनाया जाएगा। द्वितीया तिथि 16 नवंबर सुबह 07:07 बजे से प्रारंभ होकर 17 नवंबर सुबह 3.57 बजे तक रहेगी। भाई दूज पर तिलक का समय दोपहर 1.10 से 3.18 मिनट तक रहेगा। जिसकी समयाविध 2 घंटा 8 मिनट की रहेगी। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक इस दिन सर्वार्थसिद्धि योग होने के कारण भाई दूज पर्व पर किए कार्य सिद्ध होंगे व मनोकामना पूरी होगी। इस दिन बहनें अपने भाईयों की लंबी उम्र व खुशहाली के लिए कामना करती हैं। ऐसी मान्यता है कि जो बहन भाई दूज के दिन अपने भाई को श्रद्धा से कुमकुम का तिलक करती है उनकी आयु लंबी होती है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter