औचक निरीक्षण के दौरान कार्रवाई : ड्यूटी से गैर हाजिर शिक्षक का कटेगा वेतन

रायपुर  : मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के कलेक्टर पी.एस. ध्रुव स्कूलों में अध्ययन-अध्यापन की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिले के सीमावर्ती इलाके में कई स्कूलों सहित आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने माध्यमिक शाला बोरीडांड में बिना किसी सूचना के ड्यूटी से गैर हाजिर शिक्षक सुनील टोप्पो का एक दिन का वेतन काटे जाने के निर्देश दिए। प्राथमिक शाला बोरीडांड के निरीक्षण के दौरान विलंब से शाला आने के कारण शिक्षक मिथलेश वैश्य को इसका पुनरावृत्ति किए जाने की चेतावनी दी गई।

कलेक्टर  ध्रुव ने बोरीडांड गांव की प्राथमिक शाला एवं माध्यमिक शाला चुक्तीपानी गांव की प्राथमिक शाला, कठौतिया गांव स्थित प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला का औचक निरीक्षण कर वहां बच्चों की पढ़ाई-लिखाई, शिक्षकों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, शाला परिसर की स्वच्छता का जायजा लिया। कलेक्टर ने शिक्षकों को समय पर शाला आने और बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अध्ययन-अध्यापन में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। कलेक्टर ने उक्त शालाओं की कक्षाओं में जाकर बच्चों से उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में जानकारी लेने के साथ ही बच्चों के ज्ञान का स्तर परखने के लिए उनसे गणित और भाषा से संबंधित सवाल भी पूछे।

कलेक्टर ने इसके पश्चात कठौतिया उप स्वास्थ्य केन्द्र का भी निरीक्षण किया। वहां इलाज कराने आए मरीजों से चर्चा की। कलेक्टर ने उप स्वास्थ्य केन्द्र में उपस्थित डॉक्टर से दवाओं की उपलब्धता एवं टीकाकरण की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!