जनगणना कराने सहित अन्य मांगों को लेकर ओबीसी महासभा ने सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन

दतिया.ओबीसी समाज की जातिगत जनगणना कराने सहित अन्य मांगों को लेकर ओबीसी महासभा ने मंगलवार को प्रदेश के विभिन्न जिला मुख्यालयों पर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा । इसी क्रम में दतिया में यह ज्ञापन प्रदेश उपाध्यक्ष ओबीसी महासभा ग्यादीन रजक के नेतृत्व में डिप्टी कलेक्टर शिवांगी जोशी को सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से मांगों को पूरा करने की मांग की गई है।

ज्ञापन में उल्लेख है कि प्रदेश सरकार ओबीसी की जातिगत जनगणना कराए जाने के लिए जनगणना फॉर्म में ओबीसी कॉलम जोड़े जाने का प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजते हुए ओबीसी महासभा को अवगत कराए, मंडल आयोग की अनुशंसाओं को पूर्णतः लागू कराने एवं ओबीसी के लिए संख्या के अनुपात में राज्य विधानसभा एवं लोकसभा में सीटें आरक्षित करने के लिए प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने, किसान विरोधी कानून को निरस्त कर वर्तमान उपज मूल्य बढ़ाकर तीन गुना करने, स्वामीनाथन रिपोर्ट को लागू कराने, देशभर में भर्ती प्रक्रिया में 27 फीसदी ओबीसी आरक्षण सुनिश्चित करते हुए आरक्षण नियमों से छेड़खानी करने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कानूनी कार्रवाई किए जाने, शासकीय विभागों के निजीकरण की प्रक्रिया पर रोक लगाने, ओबीसी वर्ग के पिछड़े, अति पिछड़े अधिकारी-कर्मचारी, अधिवक्ताओं, आमजनों के साथ सामान्य वर्ग के नेताओं, अधिकारियों द्वारा भेदभावपूर्ण मानसिकता के कारण शोषण, अन्याय, अत्याचार की शिकायतें लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिसे रोकने के लिए कानून बनाए जाने, प्रदेश के बेरोजगार युवक-युवतियों का समग्र विकास सुनिश्चित करने, उन्हें मासिक बेरोजगारी भत्ता, न्यूनतम आवेदन शुल्क, किराया भत्ता जैसी सुविधाओं के साथ रोजगार गारंटी बिल पारित करने की मांग शामिल है। ज्ञापन सौंपने के दौरान ओबीसी ब्लॉक अध्यक्ष भांडेर ग्याप्रसाद पाल, जितेंद्र राजपूत, आकाश रजक, सुशील राजपूत, पंचम सिंह बघेल, नीतेश राजपूत, रमाशंकर योगी आदि शामिल रहे।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter