खेत पर पिता और दादी को खाना लेकर जा रही मासूम के साथ दुष्कर्म : गांव में आने वाले कबाड़ी ने कर डाली हरकत, पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी

Datia news : दतिया। खेत पर अपने पिता और दादी को खाना लेकर जा रही मासूम बालिका को गांव में कबाड़ा बीनने आने वाले युवक ने आसपास सुनसान देख पकड़ लिया और उसके साथ दुष्कर्म कर डाला। बालिका के चिल्लाने पर पास ही खेत से उसका पिता दौड़ता हुआ आया। उसे आता देख आरोपित मौके से भाग खड़ा हुआ। दुष्कर्म की इस घटना के बारे में मासूम ने अपने पिता को बताया। जिसके बाद चिरुला थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस आरोपित युवक की तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार चिरुला थाना क्षेत्र के ग्राम लरायटा में मंगलवार सुबह खेत पर काम कर रहे अपने पिता और दादी को खाना देने जा रही बच्ची के साथ कबाड़े का काम करने वाले आरोपित भगवानदास आदिवासी ने दुष्कर्म कर दिया।

बच्ची के शोर मचाने पर खेत पर काम कर रहा पिता दौड़कर वहां पहुंचा तो आरोपित मौके से भाग निकला। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त युवक काफी दिनों से गांव में आकर कबाड़ा बीनने का काम करता है।

घटना के संबंध में चिरुला थाना प्रभारी ने वैभव गुप्ता ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध दुष्कर्म और पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

देभई में भी हुई थी घटना : नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म की घटना अभी हाल ही में सेवढ़ा थाना क्षेत्र के ग्राम देभई में भी हो चुकी है। जहां बुआ की शादी में आई नाबालिग के साथ गांव के ही युवक ने जबरदस्ती दुष्कर्म उस समय कर डाला जब वह सो रही थी। इसके बाद उसने किशोरी के साथ शौच जाते समय भी जबरदस्ती की थी। इन घटनाओं को लेकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। घटना का आरोपित पुलिस गिरफ्त में है।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter