दतिया आएगी वंदे भारत एक्सप्रेस : एक अप्रेल को रेलवे स्टेशन पर होगा भव्य स्वागत, तैयारियां शुरू

Datia news : दतिया। अपने बुलेट ट्रेन जैसे लुक के कारण इन दिनों वंदे भारत एक्सप्रेस खासी चर्चा में है। इस ट्रेन का शुभारंभ एक अप्रैल को किया जाएगा। जिसके बाद यह ट्रेन औपचारिक रूप से दौड़ने लगेगी। वहीं इस ट्रेन के रास्ते में पड़ने वाले स्टेशनों पर इसके स्वागत के लिए अस्थाई हाल्ट भी शुभारंभ वाले दिन दिया जाएगा।

इसे लेकर संबंधित स्टेशनों पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। दतिया में भी वंदे भारत एक्सप्रेस एक अप्रेल को कुछ मिनिट के लिए स्टेशन पर रुकेगी।

इसी क्रम में वंदे भारत एक्सप्रेस एक अप्रैल की शाम सात बजकर पांच मिनिट पर दतिया स्टेशन पर पहुंचेगी।वंदे भारत एक्सप्रेस के एक मिनट के इस अस्थाई हाल्ट के दौरान दतिया रेलवे स्टेशन पर उसका स्वागत किया जाएगा।

मां पीतांबरा की नगरी में पहली बार इस ट्रेन के पहुंचने पर स्वागत को लेकर स्थानीय लोग उत्साहित है। इस ट्रेन का माडल भी आकर्षण का केंद्र है। जिसे नजदीक से देखने का स्थानीय लोगों को मौका मिलेगा।

मां पीतांबरा रथ यात्रा समिति के सदस्यों द्वारा ट्रेन के आगमन पर स्वागत का विशेष आव्हान किया गया है। साथ ही स्वागत इतने भव्य तरीके से करने की अपेक्षा की गई है कि मां पीतांबरा की नगरी दतिया में वंदे भारत एक्सप्रेस का स्थाई हल्ट दिए जाने की उम्मीद बढ़ सके।

दतिया रेल्वे स्टेशन मास्टर रमेशचंद्र दांगी ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस के शुभारंभ अवसर पर दतिया में अस्थाई हाल्ट के निर्देश मिले हैं। यह ट्रेन कुछ देर के लिए दतिया रेलवे स्टेशन पर रुकेगी। जहां इसका भव्य स्वागत होगा।

Share

Share on whatsapp
Share on facebook
Share on twitter
error: Content is protected !!