दतिया.इंदरगढ़ िस्थत भवानी विपणन सहकारी समिति पर गड़बड़ी की शिकायतों पर सेवढ़ा एसडीएम ने छापामार कार्रवाई कर दुकान को सील कर दिया गया। सेवढ़ा एसडीएम अनुराग निंगवाल ने बुधवार को इंदरगढ़ पहुंचकर कस्बे की भवानी विपणन सहकारी समिति पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान दुकान में स्टॉक रजिस्टर एवं अन्य कागज नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए दुकान को सील कराने की कार्रवाई की।
एसडीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि भवानी वितरण सहकारी समिति का निरीक्षण किया गया था। जिसमें वार्ड 11, 12 दभैरा, देलुआ सैनपुरा की दो दुकानें संचालित होती हैं। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दुकान में वितरण का स्टाक रजिस्टर, हितग्राहियों का वितरण रजिस्टर, हितग्राहियों की संख्या का विवरण संबंधी दस्तावेज आदि नहीं मिले। समिति पर गड़बड़ियों को लेकर शिकायतें मिल रही थी। समिति पर दोनों क्षेत्रों की दुकानें एक ही जगह संचालित की जा रही हैं। इन खामियों के कारण दुकान को सील कर दिया गया है । इस मामले में जांच कर आगे कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर इंदरगढ़ नायाब तहसीलदार सुनील वर्मा व खाद्य अधिकारी मौजूद रहे।
